जैकी श्रॉफ के 69वें जन्मदिन पर सेलेब्स ने दी बधाई, बेटी कृष्णा के अलावा कई निर्देशक-अभिनेताओं ने किया विश
Jackie Shroff Birthday: जैकी श्रॉफ आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। इसी खास मौके पर उनकी बेटी कृष्णा श्रॉफ के अलावा कई बॉलीवुड निर्देशक और अभिनेताओं ने उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
विस्तार
जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा श्रॉफ ने अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। कृष्णा ने इंस्टाग्रम स्टोरी पर अपने पिता जैकी की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही कृष्णा ने कैप्शन में लिखा, 'हैप्पी बर्थ डे मेरे रक्षक। पापा मैं आपको पूरे दिल से प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।'
अजय देवगन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जैकी श्रॉफ की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, 'हैप्पी बर्थडे @apnabhidu दादा, कांडा चौकंडी काटना पर केक सीधा ही काटना।' साथ में उन्होंने एक मुस्कुराता हुआ इमोजी भी लगाया। इस पुरानी तस्वीर में जैकी श्रॉफ यंग और हैंडसम दिख रहे हैं।
सुभाष घई और जैकी श्रॉफ ने 'कर्मा', 'राम लखन' और 'खलनायक' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में एक साथ काम किया है। सुभाष ने हाल ही में जैकी को अपना लाडला अभिनेता भी बताया था। वहीं आज सुभाष ने जैकी और अपनी एक खास तस्वीर इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की और जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ लिखा, 'हैप्पी बर्थ डे मेरे प्रिय जैकी...' इसके साथ ही सुभाष ने जैकी के लिए एक खास कविता भी लिखी है। जिसकी शुरुआत है - 'गौरव वो नहीं जिसका बाप बड़ा होता है, गौरव वो है, जो खुद के पाव पे खड़ा होता है.....' आखिर में सुभाष ने लिखा, 'प्यार और आशीर्वाद के साथ।'
अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी और जैकी की कई शानदार तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया है। इसके साथ ही अनिल ने जैकी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, 'कुछ रिश्ते एक जन्म से भी आगे होते हैं, हर जन्म में आपका आभारी हूं- जग्गू दा, जन्मदिन मुबारक हो राम (फिल्म 'राम लखन' में जैकी और अनिल ने एक साथ काम किया है, जिसमें जैकी का नाम राम है।)'
सुनील शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने साथ जैकी श्रॉफ की एक खास तस्वीर शेयर की है। इसी तस्वीर के साथ सुनील ने जैकी को जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ लिखा, 'मेरे हीरो को जन्मदिन की शुभकामनाएं.. मेरे दादा, आपका दिल आपकी लेजेंडरी पर्सनैलिटी से भी बड़ा है और आपकी गर्मजोशी आपके स्वैग से भी ज्यादा दुर्लभ है। आपके प्यार, पागलपन और आपके लिए आभारी हूं। लव यू दादा।'
काजोल देवगन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जैकी के साथ एक वीडियो शेयर किया और कैप्शन में उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, 'जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। पौधे के लिए शुक्रिया।'
अनन्या पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जैकी श्रॉफ के साथ एक खास वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के साथ अनन्या ने जैकी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, 'हैप्पी बर्थडे मेरे पसंदीदा बिड़ू। आपके साथ हमेशा अच्छा समय बीतता है।'
1982 में आई फिल्म 'स्वामी दादा' में एक छोटी सी भूमिका निभाने के बाद, जैकी श्रॉफ ने सुभाष घई की ब्लॉकबस्टर एक्शन फिल्म 'हीरो' से मुख्य भूमिका निभाई थी। एक गैंगस्टर के रूप में उनके अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म 'हीरो' ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद जैकी ने 1980 और 1990 के दशक में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों के साथ अपनी पहचान बनाई। इस दौर की उनकी कुछ बेहद लोकप्रिय फिल्मों में 'कर्मा', 'कुदरत का कानून', 'त्रिदेव', 'राम लखन', 'बॉर्डर' और 'खलनायक' शामिल हैं।
