क्या 200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस में सरकारी गवाह बनेंगी जैकलीन फर्नांडिस? कोर्ट ने ईडी को भेजा नोटिस
Jacqueline Fernandez Money Laundering Case: बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस और ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। इस मामले में अब खुद जैकलीन ने सरकारी गवाह (अप्रूवर) बनने की इच्छा जताई है।
विस्तार
पटियाला हाउस कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान जैकलीन फर्नांडिस ने कहा कि वह इस मामले में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करना चाहती हैं और सरकारी गवाह बनने के लिए भी तैयार हैं। जानिए, अदालत ने इस मामले पर क्या रूख अपनाया है। इस मनी लॉन्ड्रिंग केस की अगली सुनवाई कब होगी?
कोर्ट ने ईडी को भेजा जैकलीन मामले में नोटिस
जैकलीन के निवेदन के बाद अदालत ने कहा कि इसके लिए उन्हें सीधे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने औपचारिक आवेदन देना होगा। कोर्ट ने साफ किया कि जांच एजेंसी उनके बयान और सहयोग के आधार पर ही तय करेगी कि उन्हें अप्रूवर बनाया जाए या नहीं।
अदालत ने इस मामले में ईडी को नोटिस भी जारी किया है। अगली सुनवाई की तारीख 20 अप्रैल तय की है।
जैकलीन को विदेश यात्रा की अनुमति भी मिली
जैकलीन फर्नांडिस को 24 अप्रैल से 25 मई के बीच विदेश यात्रा की अनुमति भी कोर्ट ने दी है। हालांकि, इस दौरान उन्हें तय शर्तों का पालन करना होगा। इसके अलावा जांच में पूरी तरह से सहयोग करते रहने होगा।
क्या है 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का मामला?
यह पूरा मामला 200 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। इसमें सुकेश चंद्रशेखर को मुख्य आरोपी माना गया है। आरोप है कि उसने जेल के अंदर रहते हुए ही ठगी और रंगदारी का बड़ा नेटवर्क चलाया था। कई लोगों से करोड़ों रुपए वसूले थे। इसी दौरान उसका संपर्क बॉलीवुड से भी जुड़ा था। इसी वजह से जैकलीन फर्नांडिस का नाम इस केस में सामने आया। ईडी की जांच के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को कई महंगे तोहफे दिए थे, जिनमें लग्जरी घड़ियां, महंगे बैग, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
जैकलीन फर्नांडिस ने अपने पक्ष में क्या कहा था?
जांच एजेंसी का दावा है कि ये सभी चीजें गैरकानूनी तरीके से कमाए गए पैसों से खरीदी गई थीं। हालांकि, इस पर जैकलीन का कहना है कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके अपराधों के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने अदालत को बताया कि सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को एक बड़ा बिजनेसमैन बताकर उन्हें गुमराह किया था।

कमेंट
कमेंट X