फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा की फिल्म में यह एक्टर निभाएगा महात्मा गांधी का किरदार, सोशल मीडिया पर दी जानकारी
Manoj Bajpayee: फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा ने अपनी आने वाली बायोपिक फिल्म में कास्टिंग को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने एक पोस्ट के जरिए क्लियर कर दिया है कि महात्मा गांधी का रोल कौन निभाने वाला है।
विस्तार
फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा ने आखिरकार कास्टिंग को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महात्मा गांधी के किरदार के बारे में खुलासा किया। साथ ही उन्होंने लिखा कि अभी यही प्लान है, अगर सब सही रहा तो कोलकाता में शूटिंग शुरु करेंगे।
सोशल मीडिया पर किया खुलासा
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट के जरिए उन्होंने साफ किया कि उनकी आने वाली बायोपिक में महात्मा गांधी का किरदार मनोज बाजपेयी निभाएंगे। कई हफ्तों से इस रोल को लेकर चर्चा चल रही थी, जो अब क्लियर हो गई है। सुधीर मिश्रा ने एक पोस्ट को री-शेयर किया जिसमें उनके साथ मनोज बाजपेयी नजर आ रहे हैं। इसमें लिखा है कि मनोज ही गांधी का रोल निभाएंगे। इसी पोस्ट को री-शेयर कर सुधीर ने लिखा, ‘लगभग यही प्लान है, उम्मीद है सब ठीक से हो जाएगा। कोलकाता में शूटिंग की उम्मीद है।' मनोज बाजपेयी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता हैं और अपने गहराई वाले किरदारों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में उनका गांधी की भूमिका में नजर आना अपने आप में एक बड़ी चीज है।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक, यह फिल्म महात्मा गांधी के जीवन के कुछ अहम और निर्णायक फैसलों पर रहेगी। फिल्म की शूटिंग के लिए कोलकाता को चुना गया है, क्योंकि इस शहर का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व गांधीजी के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ा रहा है। कुल मिलाकर, यह फिल्म गांधीजी के जीवन के खास पहलुओं को नए नजरिए से दिखाने की कोशिश कर सकती है।
कब शुरू होगी शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर सभी शेड्यूल ठीक रहे, तो फिल्म की शूटिंग इस साल सितंबर में कोलकाता में शुरू हो सकती है। फिलहाल प्री-प्रोडक्शन का काम जारी है। अभी बाकी कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।