मिलाप जावेरी की नई फिल्म ‘तेरा यार हूं मैं’ का फर्स्ट लुक आया सामने; इस दिन होगी रिलीज; डेब्यू करेगा ये एक्टर
Tera Yaar Hoon Main First Look Out: मिलाप जावेरी एक नई लव स्टोरी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘तेरा यार हूं मैं’ का फर्स्ट लुक सामने आया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित हो गई है। जानिए कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी ये फिल्म…
विस्तार
पिछले साल आई रोमांटिक फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ के निर्देशक मिलाप जावेरी की नई फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी जारी कर दी गई है। इस बार मिलाप जावेरी प्यार, दर्द और संगीत की कहानी ‘तेरा यार हूं मैं’ लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म से निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं।
22 मई को रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने फिल्म की घोषणा करते हुए एक मोशन पोस्टर जारी किया है। इसमें फिल्म के लीड कलाकार अमन इंद्र कुमार और आकांक्षा शर्मा नजर आ रहे हैं। व्हाइट बैकग्राउंड में दोनों के चेहरों का क्लोज अप शॉट है, जिसमें दोनों एक-दूसरे में खोए नजर आ रहे हैं।
साथ में पीछे जुबीन नौटियाल की आवाज में एक लाइन भी सुनाई देती है। इसको शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, ‘प्यार, दर्द और संगीत के लिए तैयार हो जाइए। तेरा यार हूं मैं की रिलीज डेट तय हो गई है। यह फिल्म 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में आ रही है। यह रोमांचक लव स्टोरी बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है।’
निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे अमन करेंगे बॉलीवुड में डेब्यू
अभी तक फिल्म की कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, फिल्म की कास्ट की बात करें तो ‘तेरा यार हूं मैं’ से ‘धमाल’ जैसी फिल्म के निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे अमन इंद्र कुमार बॉलीवुड में अपनी शुरुआत कर रहे हैं। यह उनकी पहली फिल्म है। उनके साथ आकांक्षा शर्मा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। जबकि फिल्म की कास्ट में परेश रावल का नाम भी नजर आ रहा है। फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया है।
मिलाप जावेरी की आखिरी निर्देशित फिल्म ‘मस्ती’ फ्रेंचाइजी की ‘मस्ती 4’ है, जो पिछले साल रिलीज हुई थी। पिछले साल ही उनकी रोमांटिक फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ भी रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने काफी चर्चाएं बटोरी थीं। वहीं क्रिटिक्स और दर्शकों की भी इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई थी। अब वो ‘तेरा यार हूं मैं’ के साथ एक नई लव स्टोरी लेकर आ रहे हैं।