26 साल छोटी पार्टनर से शादी को लेकर ट्रोलिंग पर मिलिंद सोमन ने दी प्रतिक्रिया, विवादित फोटोशूट पर कही ये बात
Milind Soman: मिलिंद सोमन ने 26 साल छोटी अंकिता कोंवर से शादी के आठ साल बाद ट्रोलिंग पर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे अंकिता को इसने किया प्रभावित और विवादास्पद फोटोशूट पर मिलिंद ने कही ये बात…
विस्तार
मॉडल-एक्टर मिलिंद सोमन अपनी फिल्मों के अलावा भी अपने कामों और बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। अब मिलिंद सोमन ने 26 साल छोटी अंकिता कोंवर से शादी करने पर हुई ट्रोलिंग को लेकर बात की। हालांकि, इस कपल ने हर तरह की ट्रोलिंग का डटकर मुकाबला किया। लेकिन अब मिलिंद ने बताया कि उनकी पत्नी अंकिता ट्रोल से प्रभावित हुई थीं। एक्टर ने बताया कि उन्होंने इससे निपटने में उनकी कैसे मदद की?
मुझे नहीं अंकिता को पड़ा ट्रोलिंग से फर्क
जूम के साथ बातचीत में मिलिंद सोमन ने कहा कि मुझे ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ा। अंकिता को फर्क पड़ता क्योंकि उनका अनुभव सीमित था। हमने इस बारे में बात की। मैंने उनसे कहा कि ट्रोलर्स न तो तुम्हें जानते हैं और न ही मुझे। इसलिए वे जो कुछ भी कहते हैं वह उनकी राय है और उन्होंने इसे बहुत जल्दी समझ लिया, उन्हें इसका पूरा श्रेय जाता है।
उसके बाद उसे इस बात की परवाह नहीं रही और मुझे लगता है कि इसका कारण हमारे रिश्ते की मजबूती भी है। आज हमारे रिश्ते को पहले से कहीं ज्यादा लोग स्वीकार कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि हमें इसकी जरूरत है। बस इसे देखकर अच्छा लगता है। लोग इस बात से सहज हैं कि हमारा रिश्ता 13 साल तक चला।
इस दौरान मिलिंद सोमन ने 1995 के उस विवादास्पद नग्न फोटोशूट को लेकर भी बात की। इसके चलते उन्हें कोर्ट तक के चक्कर काटने पड़े थे। मिलिंद ने कहा कि मैंने इसके बारे में कभी सोचा ही नहीं। मैं 30 साल का था, एजेंसी मेरे पास आई और मैंने उससे पहले भी नग्न मॉडलिंग की थी एक अखबार के फ्रंट पेज पर भी और तब कोई शोर नहीं हुआ था।
लेकिन इस बार समस्या महिला मॉडल के साथ थी। आर्ट बनाम अश्लीलता से ज्यादा वो मुद्दा था। लोग अक्सर मुश्किल को गलत समझ लेते हैं। क्योंकि हमारे देश में नग्नता अपने आप में कोई क्राइम नहीं है जैसा अमेरिका में है। अमेरिका में ऐसे घूमते पकड़े जाते हैं और गिरफ्तार कर लेते हैं। लेकिन भारत में अलग-अलग कारणों से लोग नग्न घूमते हैं और वो हमारे कल्चर का हिस्सा हैं।
अंकिता एक एयर होस्टेस थीं और उनकी मुलाकात मिलिंद से चेन्नई के एक होटल में हुई थी। दोनों के बीच तुरंत ही अच्छी दोस्ती हो गई और बाद में उन्होंने 2018 में शादी कर ली। अब दोनों की शादी को लगभग आठ साल पूरे हो चुके हैं। मिलिंद और अंकिता को फिटनेस फ्रीक माना जाता है।