अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ में हुई इस एक्ट्रेस की एंट्री, हॉरर-कॉमेडी फिल्म में निभाएगी ये दमदार किरदार
New Entry In Bhooth Bangla: अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ में एक नई अभिनेत्री शामिल हुई हैं। जानिए कौन है वो एक्ट्रेस, जो अक्षय की फिल्म में निभाएगी अहम किरदार…
विस्तार
अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपने गेम रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में व्यस्त हैं। वहीं अभिनेता अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर भी चर्चाओं में हैं। इस फिल्म के जरिए एक बार फिर अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी बड़े पर्दे पर वापस लौट रही है। अब फिल्म की कास्ट में एक नई अभिनेत्री का नाम सामने आया है।
अक्षय की बहन का किरदार निभाएंगी मिथिला
अक्षय कुमार और वामिका गब्बी स्टारर ‘भूत बंगला’ में अब एक नया नाम शामिल हो गया है। इस नाम के बारे में खुद अक्षय ने जानकारी दी है। ये नाम है अभिनेत्री मिथिला पालकर का। हाल ही में मिथिला अक्षय की होस्टिंग वाले गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में नजर आई थीं।
इसी दौरान अक्षय ने ये खुलासा किया कि मिथिला भूत बंगला का हिस्सा हैं। अक्षय ने बताया कि मिथिला फिल्म में उनकी बहन का किरदार निभाती नजर आएंगी। एक्टर ने कहा, मिथिला ने अपना सफर इंटरनेट से शुरू किया था और आज वह कई फिल्मों में काम कर रही हैं।
जल्द ही वह एक ऐसे एक्टर के साथ नजर आएंगी, जिसे मैं बहुत अच्छी तरह जानता हूं, गेस कीजिए कौन? मैं खुद। 'भूत बंगला' में मिथिला 'भूत' का नहीं, बल्कि मेरी बहन का किरदार निभाती दिखेंगी।
16 साल बाद साथ लौट रही अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी
'भूत बंगला' 2026 की मच अवेटेड फिल्मों में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी वजह अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी का 16 साल बाद एकसाथ आना है। अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी ने ‘हेरा फेरी’ समेत कई कल्ट कॉमेडी फिल्में दी हैं। ऐसे में अब ‘भूत बंगला’ के जरिए निर्देशक-अभिनेता की ये जोड़ी एक बार फिर नई कॉमेडी फिल्म के साथ तैयार है। यह एक कम्पलीट फैमिली एंटरटेनर होने वाली है। दर्शक अक्षय कुमार को उनके पुराने अंदाज और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग में देखने के लिए उत्साहित हैं।
10 अप्रैल को रिलीज होगी ‘भूत बंगला’
बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर हैं। 'भूत बंगला' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।