करिश्मा कपूर की पूर्व सास ने प्रिया कपूर पर लगाए कई आरोप, बेटे की संपत्ति का है मामला; बोलीं- ‘ब्लैकमेल किया’
Sunjay Kapur Inheritance Dispute Row: अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने संजय कपूर की मां और करिश्मा कपूर की पूर्व सास को उनके ही ट्रस्ट से निकाल दिया है। हाल ही में संजय कपूर की मां रानी कपूर ने प्रिया कपूर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विस्तार
दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर के खिलाफ करिश्मा कपूर के बच्चे दिल्ली हाई कोर्ट में काफी समय से संपत्ति से जुड़ा एक केस लड़ रहे हैं। प्रिया कपूर पर उन्होंने संजय कपूर की वसीयत में हेराफेरी का आरोप लगाया है। इसी बीच एक और विवाद में प्रिया कपूर फंस गई हैं। यह मामला संजय कपूर के आरके ट्रस्ट से जुड़ा है। हाल ही में प्रिया कपूर ने अपनी सास रानी कपूर को इस ट्रस्ट से निकाल दिया है। ट्रस्ट से निकालने वाली बात पर रानी कपूर ने हाल ही में खुलकर बात की है। साथ ही प्रिया कपूर पर कई आरोप भी लगाए हैं।
प्रिया कपूर को लेकर क्या बोलीं रानी कपूर?
दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की मां रानी कपूर ने हाल ही में एएनआई से लंबी बातचीत की। इसमें संजय कपूर की संपत्ति से जुड़ी बातों को लेकर सफाई दी। साथ ही प्रिया कपूर पर भी कई आरोप लगाए। वह कहती हैं, ‘उसमें (प्रिया कपूर) झगड़ा करने की हिम्मत नहीं होती, अगर संजय कपूर (रानी कपूर का बेटा) आज जिंदा होता। जब तक संजय जिंदा था तो प्रिया में कुछ भी कहने की हिम्मत नहीं थी।’
संजय को ब्लैकमेल करने की बात कही
रानी कपूर आगे कहती हैं, ‘मैं अपने बेटे संजय के बहुत करीब थी। वह कभी भी मेरे बिना छुट्टी पर नहीं जाता था। वह मुझे कभी अकेला नहीं छोड़ते था। मुझे नहीं पता कि उसने (प्रिया कपूर) असल में संजय को कैसे ब्लैकमेल किया, उसे इसके लिए कैसे राजी कर लिया। संजय ने दो अच्छी लड़कियों से शादी की थी, वह लड़कियां अच्छे परिवार से आती थीं। उसकी दूसरी पत्नी (करिश्मा) से उसके दो बच्चे हैं, जिनसे मैं हमेशा मिलती रहती हूं, वह मेरी जिम्मेदारी है। प्रिया और संजय का भी एक बच्चा है, उसको भी मैं देखूंगी। प्रिया की पहली शादी से जो बच्चा है, वह मेरी जिम्मेदारी नहीं है।’
#WATCH | Mumbai | Mother of late businessman Sunjay Kapur, Rani Kapur says, "She (Priya Kapur) wouldn't have had the guts to have a dispute (if Sunjay Kapur had been alive today). When Sunjay was alive, she didn't have the guts to say anything. I was very close to Sunjay. He… pic.twitter.com/NrjO70R6sw
— ANI (@ANI) April 8, 2026
रानी कपूर ने ट्रस्ट से निकाले जाने वाली बात पर कहा, ‘ आर ट्रस्ट फैमिली ट्रस्ट है। क्या वह (प्रिया कपूर) मुझे वहां से निकाल सकती है? ट्रस्ट मेरे नाम पर है। क्या वह मुझे निकाल सकती है? क्या वह ऐसा कर सकती है? उसे जो करना है, करने दो। शायद वह मुझे इस दुनिया से ही निकाल देना चाहेगी। तभी वह सब कुछ ले पाएगी। वरना सब कुछ मेरा है। इसे मेरे पति ने बनाया है, किसी और ने नहीं। प्रिया के बुरे बर्ताव के बारे में मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। उसे लगता है कि सब कुछ उसी का है। जिस घर को मैंने बनाया, जिस कंपनी को मेरे पति ने बनाया, उसे लगता है कि सब कुछ उसी का है। लेकिन यह दुनिया इंसाफ करेगी। तुम कुछ भी नहीं ले सकती हो, तुम्हें बाहर ही रहना होगा।’