76 साल की उम्र में भी काफी फिट हैं नाना पाटेकर, वर्कआउट देखकर हैरान हुए फैंस; कहा- ‘कंट्रोल उदय भाई कंट्रोल’
Nana Patekar Viral Video: बॉलीवुड एक्टर नाना पाटेकर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है। जानिए वीडियो में क्या कुछ है खास।
विस्तार
फोटोग्राफर-प्रोड्यूसर अतुल कासबेकर ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें 76 साल के एक्टर नाना पाटेकर वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं। उनका यह वीडियो देखकर फैंस हैरान रह गए हैं और नाना पाटेकर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जानिए वीडियो में क्या कुछ है खास।
नाना पाटेकर ने लगाए ट्राइसेप डिप्स
नाना पाटेकर भले ही 76 साल के हो गए हों, लेकिन उनकी फिटनेस किसी को टक्कर दे सकती है। वीडियो में वह ट्राइसेप डिप्स करते नजर आ रहे हैं और वह भी बिना रुके और बिना थके। अतुल ने इंस्टाग्राम पर एक छोटा सा रील शेयर किया, जिसमें नाना पाटेकर टैन शॉर्ट्स और सफेद बनियान पहने हुए हैं, गले में गमछा डाला हुआ है।
वह बड़ी आसानी से ट्राइसेप डिप्स करते हैं और खत्म होने के बाद मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। अतुल ने बताया कि नाना ने कुल 15 डिप्स किए थे, लेकिन उन्होंने वीडियो थोड़ी देर से रिकॉर्ड करना शुरू किया, इसलिए सारे डिप्स रिकॉर्ड नहीं हो पाए।
उन्होंने लिखा, ‘अरे नाना साहब… आपने तो मेरी फिटनेस गोल्स ही बदल दिए। ये हैं नाना पाटेकर जी। ये 76 साल के हैं और ट्राइसेप डिप्स कर रहे हैं। इन्होंने 15 डिप्स किए।’
फैंस ने की जमकर तारीफ
फैंस इस वीडियो को देखकर काफी इंप्रेस हुए और उनकी फिटनेस का राज जानने लगे। एक यूजर ने कहा कि वह शुद्ध शाकाहारी डाइट लेते हैं, तो अतुल ने जवाब दिया कि ऐसा नहीं है, वह शाकाहारी नहीं हैं। कुछ लोगों ने उन्हें उनके फेमस किरदार ‘उदय शेट्टी’ के नाम से भी पुकारा और मजाक में लिखा, ‘कंट्रोल उदय भाई कंट्रोल।’ वहीं कई लोगों ने उन्हें ‘लेजेंड’ बताया और उनकी जमकर तारीफ की।
नाना पाटेकर का वर्कफ्रंट
काम की बात करें तो नाना पाटेकर हाल ही में ‘हाउसफुल 5’ में नजर आए थे, जिसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख भी थे। इसके अलावा वह फिल्म ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ नजर आए, जिसमें उन्होंने एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया।
उन्होंने अनिल कपूर और राधिका मदान की फिल्म ‘सुबेदार’ में कैमियो भी किया। इसके अलावा वह वेब सीरीज ‘संकल्प’ में भी दिखे। उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स का ऐलान अभी बाकी है।
