‘मेरी जान…’ निक जोनस ने प्रियंका चोपड़ा के नाम लिखा लव लेटर, इमोशनल हुईं देसी गर्ल; देखें वायरल वीडियो
Nick Jonas Love Letter To Priyanka Chopra: कुछ दिन पहले तक प्रियंका चोपड़ा अपनी हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' का प्रमोशन कर रही थीं। इसी दौरान एक पाॅडकास्ट के होस्ट ने प्रियंका चोपड़ा के पति और सिंगर निक जाेनस का लव लेटर पढ़ा। जिसे सुनकर देसी गर्ल भावुक हो गईं।
विस्तार
प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड एक्शन ड्रामा फिल्म ‘द ब्लफ’ 25 फरवरी 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। पिछले दिनों जब वह फिल्म का प्रमोशन कर रही थीं तो एक पॉडकास्ट में पहुंचीं, यहां होस्ट ने निक जोनस का लिखा एक लव लेटर प्रियंका चोपड़ा के सामने पढ़ा। जानिए, निक ने अपने लव लेटर में क्या लिखा था?
प्रियंका चोपड़ा की इन क्वालिटीज के कायल निक जाेनस
प्रियंका चोपड़ा ने जय शेट्टी के पॉडकास्ट में अपने करियर और फिल्म ‘ब्लफ’ को लेकर बातचीत की। इस दौरान जय ने निक जाेनस का लव लेटर उनके सामने पढ़ा। इस लेटर में निक जोनस ने लिखा था, ‘मेरी जान, मैं हमेशा तुम्हारी पर्सनालिटी को देखकर हैरान हो जाता हूं। यह बात सिर्फ बड़े टाइटल्स जैसे ग्लोबल आइकॉन, लीडर से जुड़ी नहीं है। बल्कि तुम एक मां, एक बेटी, एक बहन और मेरी पत्नी के तौर पर कैसी हो, उस बारे में है। तुम हर दिन जिस फोकस और सोच-समझ के साथ काम करती हो, मैं भी वैसा ही करने की कोशिश करता हूं। हर कोई तुम्हारी पब्लिक साइड देखता है, लेकिन तुम्हें शांत पलों में देखता हूं। यह बात मुझे सच में बहुत इंप्रेस करती है। तुम्हारे अंदर बहुत सब्र है।’
निक को होता है प्रियंका पर बहुत गर्व
निक जोनस ने अपने लेटर में आगे लिखा था, ‘तुम कभी किसी को जज नहीं करती। तुम लोगों से वैसे ही मिलती हो जैसे वो हैं। हमेशा लोगों में अच्छाई ढूंढती हो। यह एक रेयर बात है। तुम हर तरह से एक लीडर हो। पिछले आठ साल में मैंने तुम्हें ऐसे चैलेंज लेते देखा है जो ज्यादातर लोगों को तोड़ देते। चाहे वह सेट पर हो या जिंदगी के बड़े बदलाव से गुजरना हो। देश बदलना और दो बहुत अलग दुनियाओं को मिलाना, तुम यह सब इतनी लगन से करती हो कि सच में मुझे इंस्पिरेशन मिलती है। तुम अपनी जड़ों से जुड़ी रहीं। मुझे तुम पर बहुत गर्व है। मुझे पता है कि तुम्हारे पापा तुम पर गर्व करते होंगे।’
आखिर में वह इमोशनल होते हुए लिखते हैं, ‘आज जब तुम जय शेट्टी से बात करोगी और उसके पास टिशू तैयार होंगे, तब बस यह जान लो कि मालती मैरी और मैं तुम्हारे साथ हैं। तुम हमारी दुनिया हो। तुम्हारे साथ यह जिंदगी गुजारना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। यह जानकर कि हम एक हैं, मुझे बहुत सुकून मिलता है। जिंदगी में चाहे कुछ भी हो जाए, मुझे पता है कि हम उसे एक साथ संभाल सकते हैं। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, तुम्हारा निक जोनस।’ यह सभी बातें सुनकर प्रियंका की आंखों में आंसू आ गए। वह पॉडकास्ट में बहुत इमोशनल हो गईं।
प्रियंका चोपड़ा के करियर फ्रंट की बात करें तो वह हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' के अलावा राजामौली की पैन इंडिया फिल्म 'वाराणसी' का हिस्सा हैं। 'वाराणसी' फिल्म में प्रियंका चोपड़ा साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म बड़े स्तर पर बन रही है। इस फिल्म की शूटिंग के लिए प्रियंका चोपड़ा लगातार भारत आ रही हैं। अब उनका नाम फिल्म '007 बॉन्ड' सीरीज को लेकर भी सामने आ रहा है।