नोएडा में ‘धुरंधर 2’ के पेड प्रीव्यू पर बवाल, शो रद्द होने पर दर्शकों ने किया भारी हंगामा; बुलानी पड़ी पुलिस
Dhurandhar 2: ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन 18 मार्च के दिन जो लोग पेड प्रीव्यू देखने गए थे, उन्हें कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नोएडा में भी भारी हंगामा देखने को मिला।
विस्तार
‘धुरंधर 2’ के रिलीज होने से पहले जो लोग 18 मार्च को पेड प्रीव्यू देखने गए थे, उन्हें कुछ मुसीबतों का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से थिएटर में हंगामा मच गया। दरअसल, नोएडा के PVR सुपरप्लेक्स, मॉल ऑफ इंडिया में रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के पेड प्रिव्यू शो बीच में ही रद्द कर दिए गए। इससे दर्शक काफी नाराज और परेशान हो गए, और मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
ये खबर भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Review: क्या पहले पार्ट जितनी ही यादगार है ‘धुरंधर 2’ या रह गई कोई कमी? पढ़ें मूवी रिव्यू
‘टेक्निकल ग्लिच’ बताया शो रद्द करने का कारण
दर्शकों को बताया गया कि ‘टेक्निकल गड़बड़ी’ है, लेकिन फिल्म कब दोबारा शुरू होगी या होगी भी या नहीं, इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। कई दर्शकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि उन्होंने आधी ही फिल्म देखी थी और उसके बाद उन्हें लगातार इंतजार करना पड़ा।
‘हाय हाय पीवीआर’ के लगे नारे
जैसे-जैसे स्थिति बिगड़ती गई, कई दर्शकों ने थिएटर स्टाफ पर खराब मैनेजमेंट के आरोप लगाए। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पीवीआर पर गुस्सा जाहिर किया। घंटों तक कोई समाधान नहीं मिलने पर मल्टीप्लेक्स का माहौल और गर्म हो गया। लोगों ने ‘हाय हाय पीवीआर’ के नारे लगाए और फिल्म दिखाने की मांग करने लगे।
बुलानी पड़ी पुलिस
भीड़ को बढ़ता देख थिएटर स्टाफ ने पुलिस बुला ली। आखिरकार, जब दर्शकों ने नए शो चलाने का विरोध किया, तो थिएटर ने सभी स्क्रीनिंग बंद कर दी और लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कई लोगों को पुलिस की निगरानी में बाहर ले जाया गया।
रिफंड मिला, लेकिन गुस्सा बरकरार
थिएटर स्टाफ के अनुसार, रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन समस्या कंटेंट डिलीवरी से जुड़ी थी। एक स्टाफ मेंबर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘ये दिक्कत डिस्ट्रीब्यूटर्स की तरफ से थी।
हमारे पास करीब 1,200 लोग थे और स्क्रीन सीमित थीं। हमारे हाथ बंधे हुए थे। अब ये सब बैकएंड से एक हफ्ते में प्रोसेस होगा, हम अभी क्या कर सकते हैं? हम भी गालियां खा रहे हैं।’
इसके बाद फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने अपने प्रशंसकों से इसके लिए माफी मांग ली है। फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से कुछ जगहों पर शो रद्द हो गए। आदित्य धर ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर फैंस से माफी मांगी। टीम ने कहा कि असुविधा के लिए बहुत खेद है, लेकिन फैंस का प्यार उनके लिए बहुत कीमती है।