क्या ओपनिंग डे पर ‘राजा शिवाजी’ का चला जादू? जानें रितेश देशमुख की फिल्म ने पहले दिन कितना किया कलेक्शन
Raja Shivaji Day 1 Box Office Collection: शुक्रवार को सिनेमाघरों में रितेश देशमुख अभिनीत और निर्देशित मराठी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ भी रिलीज हुई। ‘राजा शिवाजी’ का हिंदी वर्जन भी सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन रहा है। जानिए, पहले दिन इस फिल्म ने कितनी कमाई की है।
विस्तार
छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और स्वराज्य हासिल करने की अमर गाथा को फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में दिखाया है। फिल्म में रितेश देशमुख मराठा सम्राट शिवाजी की भूमिका में हैं। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर अच्छा खासा क्रेज देखा गया। क्या यही प्यार दर्शकों ने फिल्म को सिनेमाघर में पहुंचकर भी दिया है। जानिए, पहले दिन ‘राजा शिवाजी’ का कलेक्शन कितना रहा है।
पहले दिन अच्छी रही शुरुआत
सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने पहले दिन अच्छी शुरुआत की है। पहले दिन ही यह फिल्म 5.34 करोड़ की कमाई करने में कामयाब रही है। इस कमाई में मराठी और हिंदी दोनों वर्जन की कमाई शामिल है। ‘राजा शिवाजी’ के मराठी वर्जन ने 4.05 कमाए तो हिंदी वर्जन ने 1.29 करोड़ रुपये अपने खाते में जमा किए हैं।
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का यह शुरुआती कलेक्शन है। आगे इसकी कमाई में इजाफा होगा।
फिल्म में सलमान खान के कैमियो ने चौंकाया
इस फिल्म में सलमान खान ने भी एक कैमियो किया है। उनके किरदार की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। सलमान खान ने फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में जीवा माहाला (जीवाजी महाले) का किरदार निभाया है। फिल्म में वह एक बलशाली योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं। जीवा माहाला छत्रपति शिवाजी महाराज के एक वफादार अंगरक्षक और खास योद्धा थे। उन्होंने एक बार शिवाजी महाराज का जीवन बचाया था।
‘राजा शिवाजी’ में मौजूद है उम्दा स्टार कास्ट
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में रितेश देशमुख और सलमान खान ने अपने किरदारों को बखूबी निभाया है। रितेश ने छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश की है। वहीं सलमान खान के अलावा इस फिल्म में बॉलीवुड के कई एक्टर्स भी नजर आए हैं। फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, अमोल गुप्ते, विद्या बालन, बोमन ईरानी जैसे उम्दा एक्टर्स शामिल हैं।
'राजा शिवाजी' का इन फिल्मों से है मुकाबला
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के हिंदी वजर्न का मुकाबला बॉलीवुड फिल्म ‘भूत बंगला’ और ‘धुरंधर 2’ से है। दोनों ही हिंदी फिल्में काफी दिनों से अच्छा कलेक्शन कर रही हैं। देखना होगा कि इन फिल्मों के आगे अपने कलेक्शन को ‘राजा शिवाजी’ कितना बढ़ा पाती है।
