रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ हिंदी में मराठी वर्जन से होगी छोटी, जानें आखिर क्या है इसके पीछे की वजह?
Raja Shivaji: रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और स्टारर ‘राजा शिवाजी’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। जानिए क्यों हिंदी वर्जन होगा मराठी से छोटा…
विस्तार
रितेश देशमुख अपनी आगामी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ की रिलीज की तैयारी में लगे हैं। बड़े बजट में बनी ‘राजा शिवाजी’ मराठी के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज होगी। आमतौर पर कई भाषाओं में रिलीज होने वाली फिल्मों की अवधि लगभग एक जैसी होती है, सिर्फ भाषा का अंतर होता है। लेकिन यह फिल्म इस नियम को तोड़ती है। ‘राजा शिवाजी’ का हिंदी वर्जन मराठी वर्जन से छोटा होगा।
रितेश देशमुख ने लिया फैसला
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सीबीएफसी ने ‘राजा शिवाजी’ को 16+ आयु वर्ग के लिए सर्टिफिकेट दिया है। मराठी वर्जन की अवधि तीन घंटे, पंद्रह मिनट और पांच सेकंड है। जबकि हिंदी वर्जन इससे ठीक आठ मिनट छोटा है, यानी तीन घंटे सात मिनट और पांच सेकंड का है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फिल्म की अवधि कम होने का कारण सीबीएफसी द्वारा अनिवार्य कोई कटौती नहीं है, बल्कि रितेश देशमुख का हिंदी वर्जन को छोटा बनाने का क्रिएटिव फैसला है। खबरों के मुताबिक, मराठी वर्जन को 24 अप्रैल को 195.05 मिनट की अवधि के साथ सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया था। इससे यह स्पष्ट है कि हिंदी वर्जन को आठ मिनट छोटा कर दिया गया है।
रितेश देशमुख ने किया नया प्रयोग
घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि एक ही फिल्म के अलग-अलग भाषाओं में बने वर्जन की ड्यूरेशन में अंतर होना नई बात है। आमतौर पर किसी फिल्म के दोनों वर्जन की अवधि बिल्कुल समान होती है। हालांकि, रितेश ने एक नया प्रयोग किया है और हिंदी दर्शकों के लिए कहानी को छोटा रखा है।
वहीं, मराठी दर्शकों के लिए जो स्थानीय रंग के कारण फिल्म की ओर अधिक आकर्षित होंगे, रितेश ने फिल्म का लंबा वर्जन चुना है। फिल्म के ट्रेलर में भी ऐसा ही अंतर देखने को मिला। मराठी ट्रेलर तीन मिनट पांच सेकंड का है, जबकि हिंदी ट्रेलर थोड़ा छोटा है, जो दो मिनट 59 सेकंड का है।
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित ‘राजा शिवाजी’ में खुद रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में जेनेलिया देशमुख, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, फरदीन खान, भाग्यश्री, सचिन खेडेकर, महेश मांजरेकर, अमोले गुप्ते और जितेंद्र जोशी सरीखे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

कमेंट
कमेंट X