प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर को जहरीले कीड़े ने काटा, अस्पताल में हुए भर्ती; जानें कैसी है तबीयत
Rajesh Sharma Health Update: एक्टर राजेश शर्मा को प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान एक जहरीले कीड़े ने काट लिया। इसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। जानिए अस्पताल में भर्ती राजेश की कैसी है हालत और कब कहां कीड़े ने काटा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिल्म इंडस्ट्री से एक परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। प्रभास की अगली फिल्म के सेट पर कीड़े के काटने के बाद एक्टर राजेश शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्टर सुदीपा चटर्जी ने उनके परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर उनकी सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद एक्टर को पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया के एक अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। हालांकि, उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
तेजी से फैल रहा इन्फेक्शन
सुदीपा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट पोस्ट किया जिसमें बताया गया है कि राजेश के साथ क्या हुआ। इसमें लिखा, ‘मशहूर एक्टर प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में एक्टर राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीले मकड़ी ने काट लिया।
शूटिंग खत्म होने के बाद, राजेश घनी झाड़ियों वाले इलाके में लोकल टेक्नीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी कीड़े के काटने का एहसास हुआ। उस समय यह बात गंभीर नहीं लगी, इसलिए उन्होंने तुरंत मेडिकल मदद नहीं ली और अपना काम जारी रखा।
लेकिन छह घंटे बाद, एक्टर के दाहिने पैर में तेज दर्द होने लगा और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होने के बावजूद वो कोलकाता लौटने वाली फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया, वो बहुत बेचैन हो गए और उनकी तबीयत और भी खराब हो गई।
अगले दिन उन्हें ढाकुरिया के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती हुए एक दिन से ज्यादा हो चुका है, लेकिन उन्हें अभी भी तेज बुखार है, सांस लेने में तकलीफ हो रही है और उनके दाहिने पैर में इन्फेक्शन बढ़ रहा है।’
नोट में आगे लिखा, ‘इंफेक्शन उनके पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। डॉ. अविजित भट्टाचार्य के अनुसार, अभी किसी पक्के नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजेश अभी भी कड़ी निगरानी में हैं और खतरे से बाहर नहीं हैं।
डॉक्टर उन पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, क्योंकि चिंता है कि जटिलताओं के कारण खून का थक्का बन सकता है और अगर यह फेफड़ों तक पहुंच जाए, तो जानलेवा हो सकता है। अस्पताल की टीम जांच और इलाज कर रही है और गुरुवार को आधिकारिक जांच के बाद इस बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
हम सभी के प्यार, दुआओं और सहयोग के लिए दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। खासकर मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश के दोस्तों और शुभचिंतकों का और सबसे बढ़कर प्रसेनजीत चटर्जी का, जो इस मुश्किल समय में लगातार हमारा मार्गदर्शन और सहयोग करते रहे हैं।
राजेश शर्मा की मां और पूरे परिवार की ओर से, हम उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं जो हमारे साथ खड़े रहे।’
प्रभास अभी हनु राघवपुडी की 'फौजी' और संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट' की शूटिंग कर रहे हैं। यह पता नहीं चल पाया है कि यह घटना किस सेट पर हुई। राजेश हाल ही में 'भूत बंगला' और 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट ' में नजर आए थे।