‘वो सबसे महान एंटरटेनर थे’, राजपाल यादव बोले- असरानी को समर्पित है ‘भूत बंगला’; प्रियदर्शन को लेकर कही ये बात
Rajpal Yadav Remembers Asrani: राजपाल यादव ने असरानी के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। साथ ही उन्होंने ‘भूत बंगला’ के निर्देशक प्रियदर्शन को लेकर जानिए क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चेक बाउंस मामले में अंतरिम बेल पर जेल से बाहर आए अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वो अक्षय कुमार और परेश रावल समेत एक बड़ी स्टारकास्ट के साथ नजर आएंगे। इस दौरान राजपाल यादव ने फिल्म में दिवंगत अभिनेता असरानी के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे असरानी जैसे दिग्गज कलाकार के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
सौभाग्यशाली हूं जो उनके साथ काम करने का मौका मिला
असरानी के साथ काम करने के अनुभवों को साझा करते हुए राजपाल यादव ने एएनआई से बातचीत में कहा कि मैंने असरानी जी को पहली बार 'शोले' फिल्म में थिएटर में देखा था। उस समय मैंने कभी नहीं सोचा था कि आने वाले वर्षों में मुझे उनके साथ इतनी फिल्मों में काम करने का सौभाग्य मिलेगा।
उनके जैसा महान एंटरटेनर मैंने कभी नहीं देखा। वो 200-250 लोगों के सामने बैठकर सिर्फ अपनी परफॉर्मेंस से एक घंटे तक उनका मनोरंजन कर सकते थे। भूत बंगला में उनके साथ स्क्रीन साझा करना एक खास पल था।
पिछले साल हुआ असरानी का निधन
राजपाल ने आगे कहा कि आज असरानी साहब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन ये कैरेक्टर, ये फिल्म सब उन्हीं की याद में है। पूरी जनता इसका आनंद ले, सब उनके लिए समर्पित है। मुझे खुशी है कि उनके जाने से पहले मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला।
असरानी का निधन पिछले साल 20 अक्तूबर को हो गया था। वो 84 साल के थे।
प्रियदर्शन को बताया कॉमेडी का जादूगर
‘भूत बंगला’ में प्रियदर्शन के साथ काम करने पर राजपाल यादव ने कहा कि फिल्म में कॉमेडी और डरावने तत्वों का मिश्रण है जो दर्शकों का मनोरंजन करेगा। आपको गुदगुदी महसूस होगी, आपको डर भी लगेगा। लेकिन यह आपको सार्थक मनोरंजन के लिए बांधे रखने की कोशिश भी करेगा। उन्होंने प्रियदर्शन को कॉमेडी का जादूगर बताया।
प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित ‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है। इसमें अक्षय कुमार प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी समेत कई कलाकार अहम किरदारों में दिखाई देंगे। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आज फिल्म का टीजर रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है।