‘अगर फिल्म 1000 करोड़ कमाती है तो…’, रणवीर सिंह ने राकेश बेदी को लेकर किया था बड़ा दावा, यादकर भावुक हुए एक्टर
Rakesh Bedi On Ranveer Singh: राकेश बेदी ने उस भावुक पल को याद किया जब रणवीर सिंह ने उनकी सेट पर तारीफ की थी। इस दौरान रणवीर सिंह ने कुछ ऐसा कहा था, जो आज भी राकेश बेदी को याद है। जानिए रणवीर ने किया था ऐसा क्या बड़ा दावा…
विस्तार
‘धुरंधर 2’ रिलीज होने के बाद हर ओर फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले राकेश बेदी की चर्चाएं हैं। फिल्म में उनके किरदार और अभिनय की जमकर प्रशंसा हो रही है। अब राकेश बेदी ने फिल्म से जुड़ा एक दिल छू लेने वाला किस्सा साझा किया। जहां रणवीर सिंह ने शूटिंग के आखिरी दिन उनसे कुछ ऐसा कहा, जिसे सुनकर एक्टर काफी भावुक हो गए थे।
रणवीर ने की थी राकेश बेदी की तारीफ
इंडिया पॉडकास्ट्स पर बातचीत के दौरान राकेश बेदी ने फिल्म से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। एक्टर ने बताया कि शूटिंग के आखिरी दिन सिंह ने माइक लेकर सार्वजनिक रूप से उनकी तारीफ की थी।
उसे याद करते हुए उन्होंने कहा कि रणवीर ने कहा था कि अगर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक हजार करोड़ रुपए कमाती है, तो 500 करोड़ रुपये राकेश जी की वजह से होंगे।’
दिग्गज अभिनेता ने माना कि उन्होंने इस बात को हल्के में लेने की कोशिश की, लेकिन रणवीर ने जोर देकर कहा कि उन्होंने जो कहा वह दिल से कहा था। इस पर मैंने कहा कि यार इतनी बड़ी बात मत बोल। लेकिन रणवीर ने दिल से तारीफ की।
आदित्य धर ने कही थी ये बात
जमाली के रूप में बेदी के अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की है, एक धूर्त राजनीतिक व्यक्ति के उनके दमदार चित्रण ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी है। राकेश बेदी ने कहा कि एक कैरेक्टर अभिनेता इससे ज्यादा क्या मांग सकता है? निर्देशक ने तो यहां तक कह दिया था कि शूटिंग के मेरे आखिरी दिन वह रो पड़ेंगे। इससे पूरी फिल्म में एक अद्भुत माहौल बन गया।
राकेश बेदी ने ‘धुरंधर 2’ में जमील जमाली का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान का एक चालाक नेता है। पहले पार्ट में भी राकेश बेदी के किरदार की काफी प्रशंसा हुई थी। अब दूसरे पार्ट में उनका किरदार और भी निखर कर सामने आया है। साथ ही इस बार निर्देशक ने उनके किरदार में एक जबरदस्त ट्विस्ट भी जोड़ा है, जिससे फिल्म की कहानी और भी रोचक बनती है।