राकेश बेदी को लगी भूख, अर्जुन रामपाल बोले- ‘आप तो सबको खा गए..’; ‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर से मजेदार वीडियो वायरल
Rakesh Bedi Dhurandhar 2 BTS Video: राकेश बेदी ने ‘धुरंधर 2’ की स्क्रीनिंग से जुड़ा एक मजेदार वीडियो साझा किया है। जानिए आखिर क्यों अर्जुन रामपाल ने राकेश बेदी से कहा आप तो सबको खा गए…
विस्तार
साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज हो चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया से पूरी कास्ट काफी खुश है। आदित्य धर ने भी फिल्म की सफलता को लेकर कास्ट और क्रू का शुक्रिया अदा किया। फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले राकेश बेदी ने ‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर का एक बीटीएस वीडियो साझा किया है। जहां वो बड़ी तेज भूख लगने की बात कह रहे हैं। इस पर अर्जुन रामपाल के जवाब ने सबको हंसने पर मजबूर कर दिया।
राकेश बेदी ने मांगा खाना
राकेश बेदी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वो फिल्म के प्रीमियर के लिए जा रहे हैं। गाड़ी में बैठे राकेश बेदी वीडियो में कहते हैं कि आज हम सबके लिए बड़ा दिन है। हम फिल्म के प्रीमियर के लिए जा रहे हैं। वो बताते हैं कि उन सभी लोगों ने फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की है।
इसके बाद वीडियो सीधे फिल्म खत्म होने के बाद से शुरू होता है। जहां फिल्म देखने के बाद राकेश बेदी कहते हैं, 'फिल्म खत्म हो गई, अब कुछ खिलाओ भाई, बहुत जोर से भूख लगी है।' उनका इतना कहते ही अर्जुन रामपाल उनसे कहते हैं- ‘आप तो सबको खा गए सर, अब और कितना खाओगे।’ अर्जुन रामपाल के इतना कहते ही वहां मौजूद सभी लोग खिलखिलाकर हंसने लगते हैं।
आदित्य धर ने कास्ट और क्रू का जताया आभार
बाद में इसी वीडियो में आदित्य धर फिल्म को मिली प्रतिक्रिया पर खुशी जताते हुए सभी का धन्यवाद कहते हैं। वो फिल्म की सफलता में अपनी टीम के महत्वपूर्ण योगदान की बात कहते हैं। फिल्म की प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे का शुक्रिया जताते हुए आदित्य कहते हैं कि ज्योति देशपांडे से लेकर, मुझ पर विश्वास करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।
मेरे एचओडी, कलाकारों, अभिनेताओं और उन सभी का धन्यवाद, जिन्होंने फिल्म के लिए अपना दिल और जान लगा दी। आज मिल रही सभी खबरों और चल रही बारीकियों के लिए मैं खुश हूं। यहां मौजूद रहने, हमारा साथ देने और इसका हिस्सा बनने के लिए सभी का धन्यवाद देता हूं। आपके बिना यह संभव नहीं होता। बहुत-बहुत धन्यवाद।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। हालांकि, फिल्म को इस बार दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हो रही है। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसने पहले दिन ही 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया था। अब दूसरे दिन भी फिल्म अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ रही है।