बैन के चक्रव्यूह में कैसे फंसे रणवीर सिंह? फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ बनी मुसीबत; शुरुआत से जानें सबकुछ
Don 3 Controversy Explainer: सोमवार को वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने अभिनेता रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया। फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ के कारण ‘धुरंधर’ फेम एक्टर के साथ ऐसा हुआ। यहां जानिए कैसे शुरू हुई ये कंट्रोवर्सी और क्यों लगा रणवीर सिंह पर बैन?
विस्तार
‘धुरंधर’ फ्रैंचाइज की फिल्मों की सफलता के बाद रणवीर सिंह बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार बन चुके हैं। उनकी ‘धुरंधर 2’ 1000 करोड़ कमाने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी है। लेकिन अब रणवीर पर बैन लग दिया गया है। आखिर यह नौबत कैसे आई? जानिए विस्तार से-
चार साल पहले हुई थी फिल्म की घोषणा
- ‘धुरंधर’ की सफलता से पहले साल 2023 में रणवीर सिंह को लेकर फरहान अख्तर ने फिल्म ‘डॉन 3’ की घोषणा की थी।
- इस फिल्म की घोषणा हुई तो रणवीर सिंह को शाहरुख खान के फैंस ने खूब ट्रोल किया। दरअअल, इस फ्रैंचाइज के पहले दो पार्ट में वही लीड रोल में थे। ऐसे में शाहरुख के फैंस को रणवीर सिंह का डॉन बनना पसंद नहीं आया।
- ‘डॉन 3’ की घोषणा के बाद कई महीनों तक फिल्म को लेकर कोई अपडेट नहीं मिला। यह फ्लोर पर जा ही नहीं सकी।
- जब 'डॉन 2' पर काम नहीं शुरू हुआ तो रणवीर सिंह ने फिल्म ‘धुरंधर’ की शूटिंग शुरू कर दी। साल 2025 में यह फिल्म रिलीज हुई और रणवीर हर जगह छा गए। इस साल ‘धुरंधर 2’ ने धमाका ही कर दिया, यह बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ी फिल्म बन गई।
'डॉन 3' पर इस तरह बढ़ा विवाद
- ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच खबर आई कि रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ दी। इस बात से फरहान अख्तर का धक्का लगा। सुलह की कोशिशें हुई।
- रणवीर सिंह को फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ की स्क्रीनिंग पर भी देखा गया तो लगा कि अब इनके बीच पैचअप हो गया और फिल्म ‘डॉन 3’ बनेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ दी और इसकी वजह क्रिएटिव स्तर पर मतभेद बताए गए।
- जब रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ करने से इंकार दिया था, तो फरहान अख्तर ने उनसे 40 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा। दरअसल, फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट का कहना था कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
- कंपनी का दावा था कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही काफी पैसा खर्च हो चुका था। शूटिंग की प्लानिंग, शेड्यूल और दूसरी तैयारियों में भी देरी हुई। इसी नुकसान को देखते हुए एक्सेल एंटरटेनमेंट का मानना है कि रणवीर सिंह को हर्जाना देना चाहिए।
फरहान ने FWICE से की शिकायत
- रणवीर और फरहान अख्तर के बीच का विवाद लगातार बढ़ता गया तो मामला फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के पास पहुंचा। फरहान अख्तर ने यहां पर जाकर रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
- फरहान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिल्कुल आखिरी मौके पर यूनिट के शूट के लिए रवाना होने से ठीक तीन हफ्ते पहले रणवीर सिंह ने फिल्म ‘डॉन 3’ से अपना नाम वापस ले लिया।
- FWICE इस मामले में रणवीर सिंह को तीन नोटिस जारी किए गए लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज को नहीं मिला। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर रणवीर सिंह पर बैन की बात साझा की गई।
इंडस्ट्री में रणवीर सिंह के साथ कोई नहीं कर पाएगा काम
FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ 'असहयोग' निर्देश जारी करने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि इंडस्ट्री का कोई भी वर्कर या सदस्य रणवीर सिंह के किसी भी प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेगा। फिर चाहें वह फिल्म हो या कोई विज्ञापन। साथ ही सभी प्रोड्यूसर्स से अनुरोध किया है कि वे भी ऐसा स्टैंड लें। एकजुट होकर एसोसिएशन का साथ दें। रणवीर सिंह के बर्ताव के खिलाफ आवाज उठाएं और एक कड़ा फैसला लें।
बैन लगने के बाद रणवीर सिंह की टीम का बयान सामने आया। बयान में कहा गया कि एक्टर इंडस्ट्री और ‘डॉन’ फ्रेंचाइज का बहुत सम्मान करते हैं और उन्होंने जानबूझकर इस मुद्दे पर चुप्पी बनाए रखी है। रणवीर सिंह मानते हैं कि ऐसे मामलों को सम्मान और समझदारी के साथ सुलझाना चाहिए। रणवीर का फोकस फिलहाल अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर है।
अब देखना होगा कि आगे इस मामले में क्या होता है, क्या रणवीर सिंह पर लगा बैन हटता है और फरहान अख्तर से उनके रिश्ते फिर से बेहतर होते हैं।