‘हम सब आगे बढ़ चुके हैं’, अक्षय और शिल्पा के साथ रिश्तों पर बोलीं रवीना टंडन; ‘वेलकम टू द जंगल’ पर कही ये बात
Raveena Tandon On Bond With Akshay: किसी वक्त रवीना टंडन और अक्षय के रोमांस के काफी चर्चे थे। दोनों बी-टाउन के सबसे पॉपुलर कपल थे। लेकिन इसके बाद दोनों अलग हुए तो उनके बीच कुछ भी ठीक नहीं रहा। हालांकि, अब रवीना ने अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी के साथ अपने रिश्तों को लेकर बात की। जानिए अब कैसे हैं तीनों के आपस में रिश्ते…
विस्तार
90 के दशक में अक्षय कुमार और रवीना टंडन इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल हुआ करते थे। यही नहीं खबरें तो यहां तक हैं कि दोनों ने सगाई भी कर ली थी। लेकिन अंत में दोनों अलग हो गए। इसके बाद अक्षय का नाम शिल्पा शेट्टी से भी जोड़ा गया। इसी वजह से रवीना और शिल्पा के बीच भी तनातनी की खबरें आती रहीं। हालांकि, कई साल बाद अब अक्षय और रवीना आगामी फिल्म ‘वेककम टू द जंगल’ में साथ नजर आएंगे। वहीं रवीना का कहना है कि अब शिल्पा से भी उनके रिश्ते अच्छे हैं और सभी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं।
शिल्पा और मैं दोस्त हैं
जूम के साथ बातचीत के दौरान रवीना टंडन ने अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी के साथ अपने संबंधों पर बात की। साथ ही उन्होंने ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय के साथ काम करने के अपने अनुभवों को भी साझा किया।
शिल्पा शेट्टी के साथ अनबन पर रवीना ने कहा, ‘कोई समस्या थी ही नहीं। मैं उस माहौल में नहीं थी। हम आज भी कई बातों पर हंसते हैं। सिर्फ शिल्पा और मैं ही नहीं, बल्कि मुझे लगता है कि हम सब दोस्त बन गए। हम सब उस समय जवान थे। हम एक ही इंडस्ट्री में हैं, कौन इन सब चीजों से नहीं गुजरा, कौन लिंक-अप, ब्रेकअप, रिलेशनशिप से नहीं गुजरा?
आज अक्षय और मैं दोस्त हैं। शिल्पा और मैं दोस्त हैं। हम सब दोस्त हैं। हम आगे बढ़ चुके हैं, अपने परिवारों के लिए बहुत खुश हैं। हम अपने बच्चों के लिए खुश हैं।’
अक्षय के साथ फिर से काम करके आया मजा
‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय के साथ दोबारा काम करने के बारे में बात करते हुए रवीना ने कहा कि हमने पूरी फिल्म में खूब हंसी-मजाक की। बहुत ही मजेदार फिल्म थी। हमें दोबारा साथ काम करने में बहुत मजा आया। आपको परिपक्व होना पड़ता है, आपको समझदार बनना पड़ता है। हम सब एक-दूसरे के लिए खुश हैं। हम हमेशा से बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं।
रवीना ने गोविंदा, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ के साथ अपनी दोस्ती के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकातें आज भी हंसी-मजाक और पुरानी यादों को ताजा करने से भरी होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि 90 का दशक बिल्कुल अलग युग था।
यह खबर भी पढ़ेंः Rajpal Yadav Bail: जमानत पर बाहर आएंगे राजपाल यादव, दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत; चुकाने पड़े इतने करोड़
इन फिल्मों में नजर आएंगी रवीना
वर्कफ्रंट की बात करें तो रवीना टंडन आखिरी बार साल 2024 में आई फिल्म ‘घुड़चढ़ी’ में नजर आई थीं। इसमें उनके साथ संजय दत्त भी थे। इसके अलावा 2024 में ही वो ‘पटना शुक्ला’ में भी नजर आई थीं। ये ओटीटी पर रिलीज हुई थी। उनकी आगामी फिल्मों में ‘वेलकम टू द जंगल’ शामिल है। इसके अलावा वो साउथ स्टार सूर्या के साथ भी एक फिल्म में नजर आएंगी। हालांकि, अभी इसकी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।