Golmaal 5: 'गोलमाल 5' में अक्षय कुमार की एंट्री, शरमन जोशी ने भी की वापसी; जन्मदिन पर रोहित की बड़ी अनाउंसमेंट
Golmaal 5 Teaser: जैसा कि उम्मीद थी रोहित शेट्टी ने अपने जन्मदिन पर ‘गोलमाल 5’ की घोषणा कर दी है। साथ ही उन्होंने फिल्म की शूटिंग को लेकर भी एक अपडेट दी है। जानिए फैंस के लिए क्या है खास सरप्राइज…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर अब रोहित शेट्टी ने अपने फैंस को एक बड़ा तोहफा दिया है। निर्देशक ने अपनी सबसे सफल फ्रेंचाइज ‘गोलमाल’ की पांचवीं फिलम ‘गोलमाल 5’ की घोषणा कर दी है। इसकी घोषणा करते हुए रोहित ने एक लंबा नोट लिखा है, साथ ही एक मजेदार वीडियो भी साझा किया है। सबसे खास बात ये है कि इस वीडियो में मेकर्स ने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज भी दिया है।
रोहित शेट्टी ने फिल्म की घोषणा करते हुए अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने एक लंबा नोट लिखते हुए एक मजेदार वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में फिल्म की प्रमुख कास्ट नजर आ रही है, जिसमें अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू नजर आ रहे हैं। वीडियो में फिल्म की शूटिंग के कुछ सीन शामिल है। वीडियो के अंत में जब पूरी कास्ट एक साथ होती है, तो अजय देवगन एक सरप्राइज की बात करते हैं, तभी पहली गोलमाल ‘गोलमाल फन अनलिमिटेड’ का हिस्सा रहे शरमन जोशी की एंट्री होती है। सभी को लगता है कि वो ही इस बार का सरप्राइज हैं। लेकिन ऐसा नहीं है।
‘गोलमाल 5’ में असल सरप्राइज शरमन जोशी नहीं बल्कि अक्षय कुमार हैं। जी हां, गोलमाल फ्रेंचाइज में अब अक्षय कुमार की भी एंट्री हो गई है। रोहित द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अंत में अक्षय कुमार की एंट्री होती है।
अक्षय फिल्म में बिल्कुल अलग लुक में नजर आएंगे। वीडियो में अक्षय काले रंग का तहमद और कुर्ता पहने बाल्ड लुक में नजर आए। बिना बालों के अक्षय को देखकर अजय देवगन और रोहित शेट्टी भी हंसते दिखाई दिए। अक्षय कुमार की एंट्री और शरमन जोशी की वापसी के बाद अब गोलमाल 5 के और भी रोचक होने की उम्मीद है।
इस वीडियो के साथ रोहित शेट्टी ने एक लंबा नोट भी लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘बीस साल पहले, पहली गोलमाल रिलीज हुई थी। एक ऐसी फिल्म, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी। इसका श्रेय आप सभी दर्शकों को जाता है।
पिछले बीस वर्षों में, हमने आपका मनोरंजन किया है। हां, कभी-कभी आपको निराश भी किया है, लेकिन हमने हमेशा अपने काम में ईमानदारी बरती है। तो अब, एक बार फिर मेरी शानदार टीम और मैं गोलमाल की शूटिंग शुरू करके आपका मनोरंजन करने के लिए एक नए सफर पर निकल रहे हैं। आपने हमेशा मुझे प्यार और समर्थन दिया है। हमें बस आपके आशीर्वाद की जरूरत है।’
‘गोलमाल’ रोहित शेट्टी की एक सफल फ्रेंचाइज है, जिसकी शुरुआत साल 2006 में ‘गोलमाल फन अनलिमिटेड’ से हुई थी। इस फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर और शरमन जोशी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके अलावा फिल्म में रिमी सेन और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में थें।
इसके बाद 2008 में ‘गोलमाल रिटर्न्स’, 2010 में ‘गोलमाल 3’ और 2017 में ‘गोलमाल अगेन’ रिलीज हुईं। इन फिल्मों में शरमन जोशी के अलावा प्रमुख कास्ट लगभग एक जैसी ही रही, जिसमें श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू की एंट्री हुई।
लेकिन बाकी कास्ट में बदलाव होता रहा। कभी करीना कपूर, तो कभी तब्बू और परिणीति चोपड़ा भी इस फ्रेंचाइज का हिस्सा रहीं। अब ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी तक फिल्म की कहानी और इसकी रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन इस फिल्म के साल 2027 में रिलीज होने की संभावना है।