Saif Ali Khan: 'मैं अपनी फिल्मों के साथ खड़ा हूं', 'आदिपुरुष' पर तैमूर से माफी मांगने वाली बात पर पलटे सैफ?
Saif Ali Khan: अभिनेता सैफ अली खान ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कहा कि उन्होंने अपने बेटे तैमूर से माफी मांगी, क्योंकि उन्होंने उसे अपनी 2023 की फिल्म आदिपुरुष दिखाई थी। अब इस पर सैफ ने सफाई पेश की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' को लेकर हाल ही में दी गई टिप्पणी पर सफाई दी है। एक पॉडकास्ट में सैफ ने कहा था कि उन्होंने अपने बेटे तैमूर से इस फिल्म को दिखाने के लिए माफी मांगी थी। इस बयान के बाद लोग समझे कि सैफ अपनी ही फिल्म की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन अब सैफ ने साफ किया कि उनके शब्दों का गलत मतलब निकाला गया।
क्या बोले सैफ अली खान
सैफ ने अपने बयान में कहा, 'मैंने तैमूर से माफी इसलिए मांगी क्योंकि फिल्म में मैंने रावण जैसे खतरनाक खलनायक की भूमिका निभाई थी। मैं हर किसी को डराने और मारने वाला किरदार था। तैमूर ने मुझसे कहा कि अगली बार मुझे हीरो का रोल करना चाहिए। मैं अपनी हर फिल्म के साथ खड़ा हूं और 'आदिपुरुष' के साथ भी।'
क्या था पूरा मामला
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सैफ अपनी आने वाली फिल्म 'ज्वेल थीफ' के सह-कलाकार जयदीप अहलावत के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सैफ ने हंसी-मजाक में बताया, 'मैंने हाल ही में तैमूर को 'आदिपुरुष' दिखाई। थोड़ी देर बाद वह मुझे अजीब नजरों से देखने लगा। मैंने कहा, 'हां, सॉरी'। उसने कहा, 'इट्स ओके' और उसने मुझे माफ कर दिया।' यह सुनकर जयदीप हंस पड़े।
'आदिपुरुष' पर विवाद
बता दें कि 'आदिपुरुष' 2023 में रिलीज हुई थी और इसे रामायण की कहानी पर बनाया गया था। फिल्म में सैफ ने रावण का किरदार निभाया था, लेकिन उनके लुक और अभिनय की काफी आलोचना हुई। कई लोगों ने रावण के किरदार को मजाकिया और अजीब बताया। इसके अलावा, फिल्म के डायलॉग्स और कहानी को भी दर्शकों ने पसंद नहीं किया।
फिल्म को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा और कुछ संगठनों ने निर्देशक ओम राउत और अभिनेताओं प्रभास, कृति सेनन और सैफ पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म को असफलता मिली।
अब सैफ के इस नए बयान से साफ है कि वे अपनी फिल्म के साथ खड़े हैं और उनका मकसद तैमूर के साथ मजाकिया बातचीत को साझा करना था। सैफ जल्द ही अपनी नई फिल्म 'ज्वेल थीफ' में नजर आएंगे, जिसका प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।