‘हमारे लिए एक प्रिवलेज है’, नेपोटिज्म पर सैफ अली खान ने दी प्रतिक्रिया; बताया बच्चों को देते हैं क्या सलाह?
Saif Ali Khan On Nepotism: सैफ अली खान ने नेपोटिज्म पर अपनी राय रखी। साथ ही उन्होंने अपने बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान को लेकर भी बात की। सैफ ने बताया कि वो क्यों इब्राहिम की कोई खास मदद नहीं कर सकते…
विस्तार
बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर अक्सर ही बहस छिड़ी रहती है। आउटसाइडर इसको लेकर इल्जाम लगाते रहते हैं। जबकि स्टारकिड अपना पक्ष भी रखते रहते हैं। अभिनेता सैफ अली खान भी एक स्टारकिड हैं और उनके दो बच्चे इब्राहिम अली खान और सारा अली खान भी फिल्म इंडस्ट्री में हैं। अब सैफ ने इस बारे में बात की। उनका मानना है कि पारिवारिक संबंधों के कारण उन्हें जो अवसर मिले हैं, वे उन लोगों की तुलना में बेहद अन्यायपूर्ण हैं, जिन्हें ये प्रिवलेज नहीं हैं।
स्टारकिड्स प्रिवलेज्ड हैं
अपनी बहन सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में सैफ अली खान ने कहा कि भाग्यशाली लोगों और गुमनाम, दुर्भाग्यशाली लोगों में बहुत बड़ा अंतर होता है, जिन्हें पहचान बनाने के बहुत कम मौके मिलते हैं। इसीलिए यह देखना अद्भुत है कि कोई गिटारिस्ट, म्यूजिक डायरेक्टर या अभिनेता बनकर बिना किसी गॉडफादर या मशहूर माता-पिता के सहारे जमीनी स्तर से सफलता की सीढ़ियां चढ़ता है। माता-पिता की लोकप्रियता के कारण हमें जो सफलता मिलती है, वह बेहद अन्यायपूर्ण है और हमारे लिए एक प्रिवलेज है। नेपोटिज्म पर मेरा यही नजरिया है।
लोग तब उठाते हैं सवाल
बातचीत के दौरान सैफ ने आगे कहा कि जब आप अपने काम में माहिर हो जाते हैं, तो दर्शक संतुष्ट हो जाते हैं। लेकिन समस्या तब आती है जब आपको बार-बार मौके मिलते हैं और आप अपने काम में बिल्कुल बेकार होते हैं। तब लोग कहते हैं, ‘अरे, ये क्या हो रहा है? किसी को मौका नहीं मिल रहा और उस व्यक्ति को बार-बार मौका मिल रहा है। मुझे लगता है, ये बहुत गलत है।
बच्चों की मदद करने की सीमा होती है
इंडस्ट्री का हिस्सा बन चुके अपने बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान के बारे में भी सैफ ने बात की। उन्होंने कहा कि उनकी मदद करने की भी एक सीमा होती है। मैं निश्चित रूप से अपने सभी बच्चों का समर्थन करूंगा, लेकिन इसकी भी एक सीमा होती है। मैं इब्राहिम से भी कहता हूं।
मेरा मतलब है कि मुझे नहीं पता कि इस समय मुझे तुम्हारे साथ खड़े होकर तुम्हारा हाथ थामना चाहिए या नहीं, क्योंकि तुम पहले ही अपनी हैसियत की वजह से बहुत कुछ हासिल कर चुके हो। इसलिए तुम्हें ये सब खुद करना होगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो इब्राहिम अली खान ने पिछले साल फिल्म ‘नादानियां’ से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई थी। इसके बाद ओटीटी पर ही उनकी अगली फिल्म ‘सरजमीं’ भी आई थी।
हालांकि, इन दोनों फिल्मों में उनकी एक्टिंग की काफी आलोचना हुई थी। अब अगली बार इब्राहिम ‘दिलर’ में नजर आएंगे, जो सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं सैफ अली खान की पाइपलाइन में ‘हैवान’ शामिल है, इसमें वो अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है।
कमेंट
कमेंट X