महिला केंद्रित और क्वीर फिल्में बनाना चाहती हैं श्वेता त्रिपाठी, बोलीं- ‘यह मेरे लिए घर जैसा’
Shweta Tripathi: श्वेता त्रिपाठी अब अभिनेत्री के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी बन गई हैं। अब उन्होंने बताया कि वो किस तरह की फिल्में बनाना चाहती हैं। साथ ही फिल्मों में आने वाले बदलाव को लेकर भी उन्होंने बात की। जानिए क्या कुछ कहा…
विस्तार
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज में गोलू का किरदार निभाकर सुर्खियां बटोरने वाली अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी अब प्रोड्यूसर बन गई हैं। उन्होंने महिला प्रधान कहानियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्माण क्षेत्र में कदम रखा है। उनका मानना है कि यह उनके लिए सही है, घर जैसा है और एक कलाकार के रूप में उनके व्यापक उद्देश्य का हिस्सा है। श्वेता बतौर प्रोड्यूसर अपनी पहली फिल्म की घोषणा भी कर चुकी हैं। इसके अलावा वो क्वीर फिल्मों पर भी ध्यान दे रही हैं।
इस साल शुरू हो सकती है श्वेता के प्रोडक्शन की पहली फिल्म
श्वेता त्रिपाठी ने हाल ही में बतौर प्रोड्यूसर अपनी पहली क्वीर फिल्म 'मुझे जान ना कहो मेरी जान' की घोषणा की है। इसमें तिलोत्तमा शोम मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा उन्होंने क्वीर नाटक 'कॉक' का भी निर्माण किया है, जिसे कई शहरों में काफी सराहना भी मिली है। क्वीर फिल्मों के निर्माण को लेकर श्वेता का कहना है कि मेरे लिए यह बहुत व्यक्तिगत मामला है।
हमें खुद बदलाव का हिस्सा बनना होगा
क्वीर फिल्मों व महिला केंद्रित फिल्मों को लेकर श्वेता ने कहा कि अगर हम किसी तरह का बदलाव देखना चाहते हैं, तो हमें खुद उसका हिस्सा बनना होगा। महिलाओं और क्वीर जीवन की कहानियां हमेशा से मौजूद रही हैं, लेकिन उन्हें हमेशा वह स्थान और सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार हैं। अगर मुझे अब चुनने और फिल्में बनाने का सौभाग्य मिला है, तो मुझे इस बात का ध्यान रखना होगा कि मैं इसका उपयोग कैसे करती हूं।
मैं इसी रास्ते पर चलना चाहती हूं
अभिनेत्री ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि यही वह रास्ता है जिस पर मैं चलना चाहती हूं। महिलाओं द्वारा निर्देशित विषयों का समर्थन करना, समलैंगिक आवाजों को बढ़ावा देना और अपने फैसलों में ईमानदार रहना। यह सही लगता है और मुझे घर जैसा महसूस होता है। साथ ही एक कलाकार के रूप में यह मेरे लिए एक बड़े उद्देश्य का हिस्सा भी है।
यह खबर भी पढ़ेंः शादी की खबरों के बीच मुंबई पहुंचे विजय और रश्मिका, एक ही कार में एयरपोर्ट से हुए रवाना; वीडियो वायरल
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आएंगी श्वेता
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्वेता त्रिपाठी अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आएंगी। वेब सीरीज के तीन सीजन आने के बाद अब मेकर्स मिर्जापुर पर एक फिल्म बना रहे हैं। यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सीरीज के मुख्य कलाकारों के साथ कुछ नए कलाकार भी शामिल हुए हैं। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, रसिका दुग्गल, हर्षिता गौर समेत जितेंद्र कुमार और रवि किशन जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।