‘वो काफी हद तक सही…’ संगीतकार रहमान के सपोर्ट में उतरे अमाल मलिक; विवादित टिप्पणी पर सिंगर ने दी प्रतिक्रिया
AR Rahman Controversial Statement Row: संगीतकार रहमान ने कुछ दिन पहले बॉलीवुड पर सांप्रदायिक रूप से प्रभावित होने का आरोप लगाया था। इस टिप्पणी के बाद इंडस्ट्री के अधिकतर लोगों ने रहमान की आलोचना की। लेकिन हाल ही में सिंगर अमाल मलिक रहमान के सपोर्ट में नजर आए। जानिए, रहमान की विवादित टिप्पणी पर क्या बोले सिंगर अमाल मलिक।
विस्तार
बॉलीवुड के चर्चित सिंगर और रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ फेम अमाल मलिक ने एक हालिया इंटरव्यू में संगीतकार रहमान को सपोर्ट किया है। रहमान की विवादित टिप्पणी को लेकर सिंगर अमाल ने अपना नजरिया साझा किया है। जानिए, क्या बोले अमाल मलिक
फरीदून शहरयार के यूट्यूब चैनल पर अमाल मलिक ने रहमान की विवादित टिप्पणी पर बात की। वह कहते हैं, ‘इंडस्ट्री के नजरिए से उन्होंने (रहमान) जो कहा है वह काफी हद तक सही है। हालांकि मैं सांप्रदायिक पहलू से सहमत नहीं हूं। नेपोटिज्म और ग्रुपिज्म को भी भूल जाइए। आज सिर्फ हर म्यूजिक लेबल अपने ही आर्टिस्ट के साथ काम करने में कंफर्टेबल होता है। इंडस्ट्री उन आर्टिस्ट को प्रमोट करती है जो वे रेवेन्यू लाते हैं। अब प्रोडक्शन हाउस, म्यूजिक लेबल ही असल डिसीजन मेकर हैं।’
सिस्टम को चैलेंज करना मुश्किल
अमाल मलिक इंटरव्यू में आगे कहते हैं, ‘यह मैनेजमेंट और एजेंसियों का जमाना है। इसमें अच्छे और बुरे दोनों तरह से ग्रुपिज्म है। आप देख सकते हैं कि मणिरत्नम सर लगभग खासतौर पर रहमान सर के साथ काम करते हैं। अनुराग बसु प्रीतम दा के साथ काम करते हैं। लेबल अपने आर्टिस्ट के साथ कंफर्टेबल हैं, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। लेकिन अगर कोई बेहतर म्यूजिक बना रहा है, तो उसे अहमियत मिलनी चाहिए। चाहे वह रहमान हो या कोई नया आर्टिस्ट। लेकिन पिछले 15 साल में एक नया सिस्टम आ गया है जहां लेबल अपने ही आर्टिस्ट के साथ रहना पसंद करते हैं। आजकल चीजें ऐसे ही काम करती हैं। अगर एआर रहमान इस सिस्टम को चैलेंज नहीं कर सकते हैं तो मेरे जैसा कोई कैसे कर सकता है।’
रहमान की बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता
अमाल मलिक को लगता है कि रहमान ने किसी तरह की इनसिक्योरिटी के चलते ऐसा बयान नहीं दिया है। वह कहते हैं, ‘यह रहमान की इनसिक्योरिटी नहीं है। वह तो बस स्थिति को बता रहे हैं। उनके जैसे शख्स को साइडलाइन नहीं किया जा सकता है।’
