Gadar 2: बड़े पर्दे पर फिर साथ नजर आएंगे सनी देओल और अमीषा पटेल, फिल्म से जुड़ा बड़ा एलान कल
अमीषा पटेल और सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले हैं। दोनों फिल्म 'गदर 2' में साथ नजर आएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ शायद ही किसी ने नहीं देखी होगी। इस फिल्म में एक तरफ भारत और पाकिस्तान का बंटवारा दिखाया गया था, तो साथ ही सकीना और तारा की खूबसूरत लव स्टोरी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म में सकीना के किरदार में अभिनेत्री अमीषा पटेल और तारा के किरदार में सनी देओल नजर आए थे। वहीं, अब सालों बाद बड़े पर्दे पर अमीषा पटेल और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर से धमाल मचाने के लिए आ रही है। जी हां, 'गदर' का सीक्वल यानी 'गदर 2' में अमीषा पटेल और सनी देओल साथ नजर आएंगे।
दरअसल, अमीषा पटेल और सनी देओल की फिल्म ‘गदर’ की कथा को आगे बढ़ाने की तैयारी पूरी हो गई है। निर्देशक अनिल शर्मा इस फिल्म का दूसरा पार्ट बनाने जा रहे हैं, जिसका ऑफिशियल अनाउंसमेंट कल यानी 15 अक्तूबर को होगा। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले यानी की आज फिल्म के दोनों कलाकार और निर्देशक ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया है।
अमीषा पटेल ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फिल्म ‘गदर 2’ की अनाउंसमेंट के बारे में बताया है, जो 15 अक्तूबर को होने वाली है। अमीषा ने सोशल मीडिया पर फिल्म का जो पोस्टर शेयर किया है, उस पर ‘कथा आगे बढ़ेगी’ लिखा है। इसके साथ ही पोस्टर पर बड़ा-बड़ा '2' भी लिखा है। इस पोस्टर के साथ कैप्शन में अमीषा ने लिखा है, ‘क्या आप इस साल की सबसे बड़ी घोषणा के लिए तैयार हैं? जानने के लिए कल सुबह 11 बजे इस पर ध्यान रखेंगे।’
फिल्म के लीड अभिनेता सनी देओल ने भी फिल्म का पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर के साथ सनी देओल ने लिखा है, ‘मेरे दिल के बेहद करीब और खास का ऐलान कल सुबह 11 बजे करूंगा।’ वहीं, फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने भी इंस्टाग्राम अकाउंट पर से फिल्म का पोस्टर शेयर किया है।
सोशल मीडिया पर जैसे ही अमीषा पटेल, सनी देओल और अनिल शर्मा ने अपनी फिल्म ‘गदर’ के दूसरे पार्ट के बारे में जानकारी दी है, तब से ही फैंस लगातार सनी देओल और अमीषा पटेल के पोस्ट पर कमेंट कर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट बॉक्स में लिखा है, ‘फिर से आ रहा है बॉलीवुड का सबसे बड़ा फाइटिंग एक्शन सनी देओल।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘गदर 2... एक्साइटेड पाजी।’ फैंस के इन कमेंट्स से साफ है कि, अमीषा पटेल और सनी देओल को सालों बाद एक साथ देखने के लिए फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं।