रितेश देशमुख की अगली फिल्म का पोस्टर हुआ रिलीज, हाथ में तलवार और भगवा झंडा लहराते दिखे एक्टर
Riteish Deshmukh: आज शिवाजी महाराज की जयंती है। इसी मौके पर रितेश देशमुख ने अपनी नई फिल्म का पोस्टर रिलीज कर दिया है। जानिए क्या है मूवी की कहानी और ये कब होगी रिलीज…
विस्तार
आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है। 19 फरवरी को जन्मे शिवाजी महाराज ने उस वक्त स्वराज का सपना देखा, जब देश का ज्यादातर हिस्सा विदेशी सत्ता के अधीन था। उन्होंने स्वराज के लिए संघर्ष किया। आज उनकी जयंती के मौके पर रितेश देशमुख ने उनपर समर्पित अपनी आने वाली फिल्म पोस्टर रिलीज किया। साथ ही उन्होंने इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा किया।
शिवाजी महाराज पर आधारित होगी फिल्म
शिव जयंती के खास मौके पर एक्टर-निर्देशक रितेश देशमुख ने अपनी ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का पहला पोस्टर जारी किया। पोस्टर में रितेश हाथ में तलवार और भगवा ध्वज लिए वह रणभूमि में खड़े दिखाई दे रहे हैं। यह लुक सीधे तौर पर इशारा करता है कि फिल्म में शिवाजी महाराज के स्वराज के संघर्ष को दिखाया जाएगा।
पोस्टर के साथ मेकर्स ने दमदार कैप्शन भी शेयर किया, जिसमें लिखा था, ‘जब अंधेरा था, तब एक ज्योति जली, जब इतिहास ठहर गया, तब एक युवा योद्धा ने उसे फिर से लिखा।’
कब रिलीज होगी मूवी
फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनेलिया डिसूजा ने किया है। वहीं म्यूजिक मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने दिया है। स्टार कास्ट की बात करें तो फिल्म में संजय दत्त, विद्या बालन, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, फरदीन खान और भाग्यश्री जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
रितेश का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो रितेश आखिरी बार 2025 में ‘हाउसफुल 5’ और ‘मस्ती 4’ में नजर आए थे। इस साल उनकी ‘धमाल 4’ भी आने वाली है और वह ‘बिग-बॉस मराठी सीजन’ 6 को भी होस्ट कर रहे हैं।