‘मैंने स्क्रिप्ट भेजी’, शाहरुख खान के साथ फिल्म बनाने पर विशाल भारद्वाज बोले- वह हमेशा मेरे संदेशों का जवाब…
Vishal Bhardwaj On Working With Shah Rukh Khan: हर निर्माता-निर्देशक शाहरुख खान के साथ फिल्म बनाना चाहता है। जानिए विशाल भारद्वाज ने शाहरुख के साथ फिल्म बनाने पर क्या प्रतिक्रिया दी…
विस्तार
विशाल भारद्वाज की हालिया फिल्म ‘ओ रोमियो’ में एक जबरदस्त स्टारकास्ट नजर आई है। इसमें शाहिद कपूर और नाना पाटेकर सरीखे स्टार नजर आए हैं। विशाल ने अपने करियर में इरफान खान और नसीरुद्दीन शाह से लेकर ओम पुरी, पंकज कपूर, तब्बू और विद्या बालन जैसे दिग्गजों तक के साथ फिल्में बनाई हैं। लेकिन उनकी फिल्म में कभी बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान नजर नहीं आए हैं। अब विशाल भारद्वाज ने शाहरुख को लेकर बात की। साथ ही बताया कि क्या भविष्य में वो और शाहरुख काम कर सकते हैं या नहीं।
यह कोलैबोरेशन होना ही चाहिए
एएनआई के साथ बातचीत के दौरान शाहरुख के साथ फिल्म बनाने पर निर्देशक ने कहा कि मुझे लगता है कि यह कोलैबोरेशन होना ही चाहिए। मैं साल भर में शाहरुख से कितनी-कितनी कहानियों के लिए बात करता हूं। वह हमेशा मेरे संदेशों का जवाब देते हैं और वह एक प्यारे इंसान हैं।
वह हमारे देश के सबसे शानदार अभिनेता हैं। शाहरुख खान को कौन प्यार नहीं करता? मैं इसे इस तरह से कहना चाहता हूं। हर कोई उनसे प्यार करता है। एक व्यक्ति के रूप में उनमें कुछ इतना सुंदर होना चाहिए, जो उन्हें शाहरुख खान बनाता है।
विशाल ने भेजी शाहरुख को स्क्रिप्ट
शाहरुख के साथ काम करने की उम्मीद जताते हुए विशाल भारद्वाज ने कहा कि मैंने उन्हें इस ओ रोमियो के दौर में भी एक कहानी भेजी है। वो भी हमेंशा बोलते हैं की, 'यार एक फिल्म तो होनी चाहिए जो हम दोनों को साथ में करनी चाहिए'। लेकिन निश्चित रूप से शाहरुख और मेरे बीच एक फिल्म होनी चाहिए। इंशाल्लाह, इस बार वो चमत्कार हो जाए।
सिनेमाघरों में बनी हुई है ‘ओ रोमियो’
विशाल भारद्वाज की हालिया रिलीज फिल्म ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह फिल्म हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वींस ऑफ मुंबई पर आधारित है।
यह खबर भी पढ़ेंः Vijay Rashmika Wedding: शादी की घोषणा के बाद उदयपुर रवाना हुए विजय और रश्मिका! साथ में दिखे दोस्त और परिवार
फिल्म में शाहिद और तृप्ति के अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, दिशा पटानी, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, फरीदा जलाल और हुसैन दलाल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया ही हासिल हुई है।
वहीं शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चाओं में बने हैं। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।
इसके अलावा फिल्म में अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, दीपिका पादुकोण, जयदीप अहलावत और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म इस साल क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।