‘भूल भुलैया 2’ न सही तो ‘भूत बंगला’ से सपना सच हो गया’, वामिका गब्बी ने साझा किए फिल्म से जुड़े किस्से
Wamiqa Gabbi Exclusive Interview: वामिका गब्बी के लिए ‘भूत बंगला’ सिर्फ एक नई फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसा मौका है, जिसका इंतजार वह लंबे समय से कर रही थीं। प्रियदर्शन और अक्षय के साथ काम करने को उन्होंने अपने करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक बताया।
विस्तार
अमर उजाला से बातचीत के दौरान वामिका ने इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी, ‘भूल भुलैया 2’ से जुड़ा एक पुराना किस्सा, अक्षय और प्रियदर्शन की आपसी समझ, सेट पर अनुशासन और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की।
काफी वक्त से कॉमेडी फिल्म करना चाहती थी
वामिका कहती हैं, ‘मैं काफी समय से कह रही थी कि मुझे ऐसी फिल्म करनी है। मैं ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’, ‘हलचल’ और ‘भागम भाग’ जैसी फिल्मों को देखकर बड़ी हुई हूं। हमेशा सोचती थी कि काश मैं भी ऐसी एक फिल्म का हिस्सा बनूं। जब पता चला कि प्रियदर्शन सर और अक्षय सर साथ में फिल्म कर रहे हैं तो मेरे लिए यही बात अपने आप में बहुत बड़ी थी।’
वामिका ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि वह पहले भी इस कॉमेडी स्पेस का हिस्सा बनने के करीब पहुंच चुकी थीं। उन्होंने कहा, ‘जब ‘भूल भुलैया 2’ बन रही थी, तब मैंने भी उस फिल्म के लिए ऑडिशन दिया था। मैंने ऑडिशन दिया था, फिल्म करने के काफी करीब भी पहुंच गई थी लेकिन किसी वजह से यह होते-होते रह गया। अब देखो, मैं ‘भूत बंगला’ कर रही हूं। जो सपना इतने साल का था, वो आखिरकार पूरा हुआ।’
ये खबर भी पढ़ें: 'काम से ज्यादा वहां मोहब्बत मिली'; 'धुरंधर 2' के बड़े साहब ने बताया आदित्य धर के साथ काम करने का अनुभव
सेट पर अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की आपसी समझ कैसी थी पूछा जाने पर वामिका ने कहा, ‘इनको देखकर कभी-कभी मुझे लगता था कि दो पुराने दोस्त साथ खड़े हैं, जो एक-दूसरे के साथ मजाक कर रहे हैं। वहीं कभी-कभी ऐसा लगता था जैसे गुरु और शिष्य के बीच कोई अनकही समझ चल रही हो। प्रियदर्शन सर कुछ कहते थे और अक्षय सर तुरंत समझ जाते थे। उनकी यह समझ सेट पर सामने देखना अपने आप में बहुत दिलचस्प था।’
अक्षय कुमार के अनुशासन पर बात करते हुए वामिका ने कहा, ‘सेट पर समय से पहुंचने का दबाव तो होता था। जब आपको पता हो कि अक्षय सर सेट पर समय से आते हैं, अनुशासित हैं, तो आप आराम से या देर से नहीं पहुंच सकते। लेकिन वह दबाव नकारात्मक नहीं होता। वह आपको प्रोफेशनल बनाता है।’
अक्षय सर के साथ एक्शन फिल्म करूंगी
बातचीत के अंत में वामिका ने यह भी कहा कि ‘भूत बंगला’ के बाद अब उनकी इच्छा अक्षय कुमार के साथ एक्शन फिल्म करने की भी है।
फिल्म ‘भूत बंगला’ की यादें हमेशा साथ रहेंगी
फिल्म ‘भूत बंगला’ को वामिका गब्बी अपने लिए यादगार मानती हैं। वह कहती हैं, ‘मेरे लिए ये सिर्फ एक फिल्म नहीं थी। ये बहुत खास अनुभव था। जिस तरह की फिल्में मुझे पसंद हैं, उसी तरह की फिल्म में काम करना, प्रियदर्शन सर जैसे निर्देशक और अक्षय सर जैसे कलाकार के साथ काम करना यादगार रहा है।