‘अक्षय के डीएनए में मजाक-मस्ती है…‘, ‘वेलकम टू द जंगल’ को सुनील शेट्टी ने क्यों कहा ‘धुरंधर’ एक्टर वाली फिल्म
Suniel Shetty Talk About Akshay Kumar Funny Behaviour: जल्द ही सुनील शेट्टी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे। इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने अक्षय कुमार के मजाकिया अंदाज और फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर कुछ खास बातें साझा की हैं।
विस्तार
कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में सुनील शेट्टी भी एक अहम किरदार में नजर आए आएंगे। इस फिल्म में अक्षय कुमार लीड रोल में हैं। सुनील और अक्षय कुमार पहले भी कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। हालिया इंटरव्यू में सुनील ने अक्षय कुमार के बारे में कई बातें साझा की हैं। साथ ही वह फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को ‘धुरंधर’ एक्टर्स वाली फिल्म किस वजह से कह रहे हैं? जानिए।
अक्षय कुमार के सेंस ऑफ ह्यूमर के कायल सुनील शेट्टी
एएनआई से की गई बातचीत में सुनील शेट्टी अपने को-एक्टर अक्षय कुमार के मजाकिया अंदाज और उनके जबरदस्त सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ करते नहीं थक रहे थे। वह कहते हैं, ‘अक्षय के डीएनए में ही है मजाक-मस्ती करना शामिल है। उनमें शरारत करने की एक नेचुरल आदत है। यह आदत बदली नहीं है। किसी सीन को करते समय भी वह हमेशा उसमें कुछ अलग करने की कोशिश करते हैं। चाहे एक्टिंग हो या एक्शन सीन, वह उसमें थोड़ा ह्यूमर जरूर जोड़ देते हैं।’
सुनील ने आगे बताया कि जब भी वह गोविंदा और सलमान खान को कॉमेडी सीन करते हुए देखते हैं, तो उनके अनोखे सेंस ऑफ ह्यूमर और आसानी से कॉमिक टाइमिंग दिखाने के हुनर को देखकर हैरान रह जाते हैं।
‘वेलकम टू द जंगल’ के एक्टर्स को कहा ‘धुरंधर’
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में एक बड़ी स्टार कास्ट है। सुनील की नजर में यही बात फिल्म को खास बनाती है। वह कहते हैं, ‘यह फिल्म किसी एक इंसान के बारे में नहीं है। यह 25-30 धुरंधर एक्टर्स की फिल्म है। यही इसकी खासियत है। इसी से इसकी चर्चा हो रही है। हर किसी का अपना फैन बेस और फॉलोअर्स हैं। हम सब मिलकर इस फिल्म को आगे ले जाएंगे।
कब रिलीज होगी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल'?
फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में अक्षय और सुनील शेट्टी के अलावा दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह भी हैं। इनके अलावा भी कई एक्टर्स इस फिल्म का हिस्सा हैं।