Cannes: ऐश्वर्या के साड़ी लुक से जान्हवी के सिर पर पल्लू रखने तक; कान फेस्टिवल में खूब छाईं बॉलीवुड अदाकाराएं
Cannes Film Festival: 12 मई से 79वें कान फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय सेलिब्रिटी भी पहुंचते हैं और खूब चर्चा बटोरते हैं। देखिए कान फिल्म फेस्टिवल के अब तक के चर्चित लुक्स
विस्तार
कान फिल्म महोत्सव सिनेमा की दुनिया के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित आयोजनों में से एक है। इसमें दुनियाभर के कलाकार अपने फैशन और हुस्न का जलवा बिखेरते हुए नजर आते हैं। इस साल 12 मई से इस फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है, जो 23 मई तक चलेगा। भारतीय सिनेमा जगत की चर्चित हस्तियां भी इस फेस्टिवल में शिरकत करती हैं और अपने लुक को लेकर खूब चर्चा बटोरती हैं। 79वें कान फिल्म के आगाज से पहले तस्वीरों में देखिए कान फेस्टिवल में शिरकत करने वाली भारतीय अदाकाराओं के अब तक के चर्चित लुक्स...
पीले रंग की साड़ी में ऐश्वर्या ने किया था डेब्यू
ऐश्वर्या राय ने कान फिल्म फेस्टिवल में पहली बार साल 2002 में शिरकत की थी। वे अपनी फिल्म देवदास के प्रमोशन के लिए कान गई थीं और तब से हर साल उनका कान में जाने का सिलसिला जारी है। उस वक्त ऐश्वर्या के साथ 'देवदास' में उनके को-स्टार शाहरुख खान और डायरेक्टर संजय लीला भंसाली भी साथ में थे। ऐश्वर्या ने अपने कान डेब्यू में पीले रंग की साड़ी में शिरकत की थी।
जब सब्यसाची की साड़ी पहन जूरी सदस्य के रूप में पहुंचीं दीपिका
अधिकांश लोग शायद यह मानते हों कि दीपिका पादुकोण ने साल 2017 में पहली बार कान फिल्म फेस्टिवल में शिरकत की थी। मगर, वे इससे पहले साल 2010 में भी इस फेस्टिवल में पहुंची थीं। हालांकि, तब उन्होंने एक फैशन ब्रांड का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं, 2017 में उन्होंने बाकायदा रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरा था। साल 2022 में 75वें कान फिल्म फेस्टिवल में एक जूरी सदस्य के रूप में दीपिका ने शिरकत की थी। ब्लैक और गोल्डन कलर की सब्जसाजी की डिजाइन की हुई साड़ी में वे खूब छाई थीं। ब्लैक बोल्ड आईलाइनर से उन्होंने लुक कंपलीट किया था।
सोनम कपूर ट्रेडिशनल लुक में छाईं थीं
फैशन की बात हो और सोनम कपूर का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। साल 2013 में सोनम कपूर अपने अंदाज से खूब छाई थीं। उन्होंने अपने भारतीय पारंपरिक लुक को वेस्टर्न टच दिया था। अनामिका खन्ना की साड़ी पहनकर वे रेड कार्पेट पर उतरीं। इसके साथ उन्होंने जैकेट कैरी की थी।
अनुष्का शर्मा का लुक
अनुष्का शर्मा ने साल 2023 में अपना ऑफिशियल डेब्यू कान में किया था। क्रीम कलर के गाउन में वे जब रेड कार्पेट पर उतरीं तो नजरें उन पर ठहर गई थीं। 3D फूलों के डिजाइन और बारीक कढ़ाई वाले इस गाउन की खूब चर्चा रही।
प्रियंका का शाइनिंग गाउन वाला लुक याद है?
प्रियंका चोपड़ा ने साल 2019 में कान फिल्म फेस्टिवल में अपना रेड कार्पेट डेब्यू किया था। शाइनिंग ब्लैक और रेड कलर की ड्रेस में उन्होंने लोगों का खूब ध्यान खींचा था।
जान्हवी कपूर का सिर पर पल्लू वाला लुक
बीते साल जान्हवी कपूर ने कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कारपेट पर डेब्यू किया। इस दौरान वे तरुण तहिलियानी के कस्टम गुलाबी आउटफिट में कान की रेड कारपेट पर उतरीं थीं। इस आउटफिट के साथ उन्होंने सिर पर पल्लू अटैच किया था।
क्रिस्टल साड़ी में आलिया दमकीं, अदिति ने फ्लॉन्ट किया था सिंदूर
बीते साल आलिया भट्ट ने कान फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू किया था। जब वे रेड कार्पेट पर आईं, तो लोग उन्हें ही देखते रह गए। उनकी इस साड़ी पर क्रिस्टल जड़े थे, जिस कारण उनका लुक काफी प्यारा लग रहा था। वहीं, अदिति राव हैदरी लाल रंग की साड़ी में खूब छाई थीं। वे अपना सिंदूर फ्लॉन्ट करती दिखी थीं।