KKK15: खतरों के खिलाड़ी में अपनी इमेज बदलने निकले ओरी, बोले- ‘लोग मुझे कमजोर समझते हैं, अब सबको जवाब मिलेगा’
Orry Exclusive Interview: ओरी उर्फ ओरहान अवत्रामणि सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियों बटोरते हैं। वे जल्द ही रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में शिरकत करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंटरनेट सेंसेशन, बॉलीवुड पार्टियों के परमानेंट गेस्ट और सोशल मीडिया के सबसे रहस्यमयी चेहरों में शामिल ओरी अब ‘खतरों के खिलाड़ी’ में नजर आएंगे। लेकिन शो से पहले उन्होंने अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में साफ कह दिया कि लोग उन्हें जितना पार्टी बॉय समझते हैं, वे उससे कहीं ज्यादा हैं।
‘इंटरनेट वाला ओरी और असली जिंदगी वाला ओरी अलग नहीं है’
ओरी का कहना है कि लोग अक्सर सोचते हैं कि सोशल मीडिया वाला ओरी सिर्फ कैमरों के लिए बनाया गया एक कैरेक्टर है। लेकिन उनके मुताबिक ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा, ‘सिर्फ एक ही ओरी है। लोग सोचते हैं कि इंटरनेट वाला ओरी और असली जिंदगी वाला ओरी अलग होंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। मैं नकली रूप बनाकर नहीं जीता। लेकिन हां, यह पहली बार है जब मैं इतने लंबे फॉर्मेट में लोगों के सामने रहूंगा। इसलिए सच कहूं तो मैं खुद भी उत्साहित हूं यह देखने के लिए कि दबाव, डर और मुश्किल हालात में मेरा कौन सा रूप बाहर आता है। शायद लोग पहली बार मुझे ग्लैमर और फिल्टर्स के बिना देखेंगे'।
'उम्मीद है कि रोहित शेट्टी को भी मेरी वाइब पसंद आए'
अपने कॉन्फिडेंस को लेकर ओरी बिल्कुल भी पीछे नहीं हटे। उनका कहना है कि उनके बारे में हर चीज अपने आप में एंटरटेनमेंट है। ‘मुझे सच में लगता है कि मेरे बारे में हर चीज एंटरटेनिंग है। चाहे मेरी एनर्जी हो, मेरी पर्सनैलिटी हो, मेरा बोलने का तरीका हो या मेरे रिएक्शंस… लोग मुझे नजरअंदाज नहीं कर सकते। शायद यही वजह है कि बिना कुछ समझाए भी लोग लगातार मेरे बारे में बात करते रहते हैं। बस उम्मीद है कि रोहित शेट्टी को भी मेरी वाइब पसंद आए।’
‘कम्फर्ट जोन इंसान को धीरे-धीरे खत्म कर देती है’
शो में जाने को लेकर ओरी ने कहा कि वह सिर्फ फेम के लिए नहीं, बल्कि खुद को चुनौती देने के लिए शो का हिस्सा बने हैं। ‘सच कहूं तो मैं चाहता हूं कि रोहित सर मुझे मेरी कम्फर्ट जोन से पूरी तरह बाहर निकाल दें। मैं चाहता हूं कि मुझे ऐसी परिस्थितियों में डाला जाए जहां मैं मानसिक रूप से टूटूं... संघर्ष करूं और फिर खुद को दोबारा खड़ा करूं। क्योंकि कम्फर्ट जॉन इंसान को धीरे-धीरे खत्म कर देती है। अगर आप हमेशा सुरक्षित खेलोगे तो कभी आगे नहीं बढ़ोगे।’
‘मेरे लिए सबसे डरावनी चीज मेरी कम्फर्ट बबल से बाहर आना है’
हालांकि ओरी ने यह भी माना कि खतरनाक स्टंट्स से ज्यादा डर उन्हें अपनी आरामदायक दुनिया से बाहर निकलने में लगता है। ‘सांप, ऊंचाई, खतरनाक स्टंट्स… वो सब दूसरी चीजें हैं। मेरे लिए सबसे मुश्किल चीज है अपनी कम्फर्ट बबल से बाहर निकलना। मैं हमेशा एक बहुत कंट्रोल्ड और कम्फर्टेबल दुनिया में रहा हूं। खतरों के खिलाड़ी पहली बार मुझे उस दुनिया से बाहर फेंकेगा और शायद वही सबसे डरावना हिस्सा है'।
‘लोगों ने मुझे इंटरनेट कैरेक्टर बना दिया’
अपनी वायरल इमेज को लेकर ओरी ने बेहद विवादित बयान दिया। उनका कहना है कि लोगों ने उनके बारे में जो धारणा बना ली है। वह उनकी खुद की बनाई हुई नहीं है। ‘लोगों ने मेरी यह इमेज बनाई है। लोगों ने मुझे मिस्ट्री बॉय बना दिया, सेलिब्रिटी बेस्ट फ्रेंड बना दिया, इंटरनेट कैरेक्टर बना दिया। लेकिन मैंने कभी खुद को उस तरह पेश नहीं किया। मजेदार बात यह है कि लोग पहले आपको एक कैरेक्टर बनाते हैं...फिर उसी कैरेक्टर को जज भी करने लगते हैं। अगर ऑडियंस अब मेरा कोई दूसरा साइड देखेंगे, तो मुझे उससे कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि वह इमेज उनकी बनाई हुई थी, मेरी नहीं।’
‘लोगों ने मान लिया कि मैं मानसिक रूप से मजबूत नहीं हो सकता’
जब ओरी से पूछा गया कि वह इस शो के जरिए लोगों की कौन सी राय बदलना चाहते हैं। तो उन्होंने कहा, ‘लोग सोचते हैं कि मैं कमजोर हूं। सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं ग्लैमरस लाइफ जीता हूं, पार्टियों में दिखता हूं, लक्जरी पसंद करता हूं..., लोगों ने मान लिया कि मैं मानसिक रूप से मजबूत नहीं हो सकता। लेकिन ताकत सिर्फ मसल्स या गुस्से में नहीं होती। कभी-कभी सबसे मजबूत लोग वही होते हैं जो दबाव में भी खुद को खोते नहीं हैं। और शायद खतरों के खिलाड़ी में लोग पहली बार वो देखेंगे।’
‘मैं सिर्फ वायरल नहीं हूं... खिलाड़ी भी हूं’
शो साइन करने की वजह बताते हुए ओरी ने कहा कि वह सिर्फ एक और कंटेस्टेंट बनने नहीं आए हैं। ‘मैंने खतरों के खिलाड़ी सिर्फ एक और कंटेस्टेंट बनने के लिए साइन नहीं किया। मैंने यह शो इसलिए किया क्योंकि मैं दुनिया को दिखाना चाहता हूं कि मैं सिर्फ वायरल नहीं हूं। मैं खिलाड़ी भी हूं।’
‘मुझे रेप्टाइल्स से नहीं… हारने से डर लगता है’
आखिर में जब ओरी से पूछा गया कि उन्हें सबसे ज्यादा डर किस चीज से लगता है, तो उनका जवाब बेहद सीधा था। ‘मुझे रेप्टाइल्स से डर नहीं लगता। मुझे खतरनाक स्टंट्स से डर नहीं लगता। लेकिन हां... मुझे हारना पसंद नहीं है, क्योंकि एक बार अगर लोगों को लगने लगे कि आप हार गए हो, तो वो आपको गंभीरता से लेना बंद कर देते हैं। और मैं कभी वो इंसान नहीं बनना चाहता।’