‘मैंने एलिमनी की जगह शांति को चुना’, एक्टर राजीव पॉल से तलाक पर बोलीं डलनाज ईरानी; कहा- मुझे कुछ नहीं मिला
Delnaaz Irani: अभिनेत्री डलनाज ईरानी ने अपने तलाक पर खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने बताया क्यों उन्हें एलिमनी में कुछ भी नहीं मिला। जानिए अपने पार्टनर को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अभिनेत्री डलनाज ईरानी ने हाल ही में अपने जीवन के एक उतार-चढ़ाव भरे चैप्टर को याद किया। इस दौरान उन्होंने अभिनेता राजीव पॉल से अपने तलाक के बारे में खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने गुजारा भत्ता नहीं मांगा और इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कानूनी लड़ाई के बजाय शांति को प्राथमिकता दी।
मेरे पार्टनर ने मुझे हल्के में लिया
द मेल फेमिनिस्ट के हालिया एपिसोड में डलनाज ने अपने तलाक के बारे में बात करते हुए बताया कि क्या तलाक की प्रक्रिया के दौरान सामाजिक अपेक्षाओं ने उन पर असर डाला। अभिनेत्री ने कहा कि 2010 में अखबारों में तलाक की कई खबरें छपी थीं, लेकिन उनका रिश्ता 2010 से बहुत पहले ही खत्म हो चुका था। पति-पत्नी के तौर पर हमने कई बार इस बारे में बात की कि क्या ठीक नहीं चल रहा है? लेकिन रिश्तों में लोग एक-दूसरे को हल्के में लेते हैं और शायद मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।
मेरे पार्टनर ने मुझे हल्के में लेना जारी रखा, शायद उन्हें एहसास नहीं था कि मामला गंभीर मोड़ ले लेगा। मेरी डिक्शनरी में तलाक जैसा कुछ था ही नहीं। मैं एक मध्यमवर्गीय पारसी परिवार से आती हूं, मेरे माता-पिता कई साल तक साथ रहे, यहां तक कि मेरे नाना-नानी भी। खुले विचारों वाली और उदार होने के बावजूद, हमने कभी तलाक के बारे में नहीं सुना था। इसका मतलब यह नहीं है कि हम तलाक को हल्के में लेते।
मुझे कुछ भी नहीं मिला
डलनाज ने यह भी बताया कि उन्होंने यह बात अपने माता-पिता से छुपाकर रखने का फैसला किया था। अपने जीवन के एक कठिन दौर को याद करते हुए अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उनके पिता को 2010 में दिल का दौरा पड़ा था और अगले ही साल, 2011 में उनका निधन हो गया।
गुजारा भत्ता के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे कभी कुछ नहीं मिला। तलाक बहुत मुश्किल भरा था क्योंकि एक व्यक्ति गुजारा भत्ता चाहता था और दूसरा नहीं। मैंने अपनी शांति को हर चीज से ऊपर रखा। आपको टूटे हुए टुकड़ों को समेटकर फिर से जीवन जीना होता है।
डलनाज ईरानी और राजीव पॉल के बारे में
डलनाज की शादी राजीव से एक दशक से अधिक समय तक चली, जिसके बाद 2010 में उनका तलाक हो गया। वे 1993 में 'परिवर्तन' के सेट पर मिले और 1998 में शादी कर ली। उनका तलाक 2012 में अंतिम रूप से तय हुआ। तलाक के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस 6' में भाग लिया।