‘ऑडिशन में जाने के पैसे नहीं थे..’; अवॉर्ड जीतने के बाद माइकल बी जॉर्डन ने दी इमोशनल स्पीच, मां को किया याद
Actor Awards 2026: लॉस एंजिल्स में आयोजित एक्टर्स अवॉर्ड 2026 में हॉलीवुड फिल्म 'सिनर्स' के लिए एक्टर माइकल बी जॉर्डन को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्रदान किया गया। यह अवॉर्ड लेते हुए माइकल ने मंच से अपनी मां के लिए दिल छू लेने वाली स्पीच दी।
विस्तार
हॉलीवुड एक्टर माइकल बी जॉर्डन ने 2026 एक्टर अवार्ड्स में बड़ी जीत हासिल की है। उन्हें 'सिनर्स' में उनकी शानदार परफॉर्मेंस के लिए लीडिंग रोल में मेल एक्टर द्वारा आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस का अवॉर्ड मिला। रयान कूगलर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में माइकल बी जॉर्डन की दोहरी भूमिका है। अवॉर्ड लेने जब वे मंच पर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां के लिए इमोशनल स्पीच दी।
संघर्ष भरे दिन और मां का सपोर्ट आया याद
माइकल ने अवॉर्ड लेते हुए अपने संघर्ष भरे दिनों को याद किया और उनका जिक्र किया। द हॉलीवुड रिपोर्टर के मुताबिक, अभिनेता ने कहा, 'मॉम, मुझे न्यूयॉर्क लाने-ले जाने के लिए आपका बहुत शुक्रिया। हमारे पास जब हॉलैंड टनल से जाने के लिए पैसे नहीं थे, जब मैं अपने ऑडिशन के लिए वहां गया था। इसके लिए आपको बहुत शुक्रिया'। अपनी कामयाबी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। मैं उन लोगों, एक्टर्स और इंसानों के साथ कैटेगरी में नॉमिनेट होने पर बहुत सम्मानित और खुशकिस्मत महसूस कर रहा हूं, जिन्हें मैं प्यार करता हूं। मुझे उनका काम और हमारे क्राफ्ट में उनका योगदान पसंद है। यह सम्मान वाकई अविश्वसनीय है। इसलिए, मेरा स्वागत करने और मुझे यह खुशी महसूस कराने के लिए धन्यवाद'।
निर्देशक को कहा शुक्रिया
इस दौरान माइकल बी जॉर्डन ने फिल्म के डायरेक्टर रायन कूगलर की भी सराहना की और शुक्रिया अदा किया। एक्टर ने आगे कहा, 'मैं रायन कूगलर को धन्यवाद कहना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे यह दिखाने का मौका दिया कि मैं क्या कर सकता हूं और निडर होकर हमारे लिए एक सुरक्षित जगह बनाई। मुझे आपने हमेशा प्यार और सपोर्ट दिया है। मुझे आगे बढ़ने और अपना बेस्ट करने के लिए हिम्मत दी है'।
बाफ्टा में भी फिल्म को मिला सम्मान
इस महीने की शुरुआत में निर्देशक कूगलर ने अपनी फिल्म 'सिनर्स' के लिए ओरिजिनल स्क्रीनप्ले का BAFTA अवॉर्ड जीता और इस कैटेगरी में पहले अश्वेत विनर बने। माइकल बी जॉर्डन 'सिनर्स' में जुड़वा स्मोक और स्टैक का रोल कर रहे हैं, जो 1930 के दशक की कहानी है, जब भाई साउथ में अपने घर लौटते हैं और एक ज्यूक जॉइंट खोलते हैं। लेकिन, तभी छोटे से शहर में वैम्पायर आ जाते हैं।
कमेंट
कमेंट X