अहान पांडे ने ‘अंकल’ शाहरुख खान से सीखी ये बात, सुनाया शुरुआती दिनों का किस्सा; क्यों कहा उनके जैसा कोई नहीं?
Ahaan Panday on Shahrukh Khan: एक्टर अहान पांडे ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने अपने अंकल शाहरुख खान से क्या सीखा और क्यों कोई उनके जैसा नहीं है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
एक्टर अहान पांडे को मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' के चलते लोगों से काफी प्यार मिला। अब हाल ही में अहान ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने अंकल शाहरुख से क्या सीखा है। साथ ही सुपरस्टार के बारे में बात करते हुए अहान ने ये भी कहा कि उनके जैसा कोई नहीं है।
अहान ने शाहरुख से क्या सीखा?
अभिनेता अहान ने फिल्मफेयर के साथ इंटरव्यू में बताया कि शाहख खान उनके ‘सबसे शुरुआती इंस्पिरेशन’ रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने उनसे क्या सीखा, तो अहान ने बहुत सादगी से कहा कि इसे शब्दों में बताना मुश्किल है। उनके मुताबिक, बचपन से साथ रहने की वजह से कई बातें अपने आप, बिना महसूस किए ही सीख में आ जाती हैं।
अहान, आर्यन खान और सुहाना खान के बचपन के दोस्त हैं। उन्होंने खान परिवार को बहुत ‘दिलदार’ बताया। उन्होंने यह भी शेयर किया कि दुबई की उनकी पहली ट्रिप भी उन्होंने इसी परिवार के साथ क्रिसमस की छुट्टियों में की थी।
अहान ने सुनाया पुराना किस्सा
शाहरुख के बारे में बात करते हुए अहान ने कहा कि वो असल जिंदगी में भी बिल्कुल वैसे ही हैं जैसे लोग उन्हें देखते हैं, बहुत दयालु और समझदार। उन्होंने कहा कि कैमरे के पीछे भी शाहरुख में एक खास बात है, वो हर इंसान को यह एहसास कराते हैं कि वह खास है और उसकी अहमियत है।
अहान ने एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। जब वो सिर्फ 17 साल के थे, उन्होंने ‘फिफ्टी’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म बनाई थी। उन्होंने अंकल शाह रुख से पूछा कि क्या वो फिल्म देखेंगे, और शाह रुख ने खुशी-खुशी हां कहा। इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म को और बेहतर बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए। अहान ने ये ही बताते हुए कहा कि उनके अंकल जैसा दूसरा कोई नहीं है।
इस फिल्म में नजर आएंगे अहान पांडे
बता दें कि शाहरुख खान जल्द ही एक्शन फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। इस फिल्म को सिद्धार्थ आनंद बना रहे हैं, जिसमें शाहरुख के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और सुहाना खान जैसे एक्टर्स नजर आएंगे। फिल्म इस साल क्रिसमस पर रिलीज हो सकती है।
