‘ग्रेज एनाटॉमी’ फेम अमेरिकन अभिनेता एरिक डेन का निधन, 53 साल में ली अंतिम सांस; इस गंभीर बीमारी से थे पीड़ित
Eric Dane Death: मेडिकल ड्रामा ‘ग्रेज एनाटॉमी’ के अपने किरदार से सुर्खियां बटोरने वाले अभिनेता एरिक डेन का निधन हो गया है। वो 53 साल के थे। जानिए किस गंभीर बीमारी का चल रहा था इलाज…
विस्तार
अमेरिकन एक्टर एरिक डेन का 53 साल की उम्र में निधन हो गया है। ध्यान देने वाली बात ये है कि एरिक का निधन उसी तारीख पर हुआ, जिस तारीख में बीस साल पहले वो पहली बार ग्रेज एनाटॉमी के सीजन 2 के 18वें एपिसोड में दिखाई दिए थे। यानी ग्रेज एनाटॉमी में अपने किरदार की 20वीं जयंती 19 फरवरी को ही एरिक डेन ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वो शो में प्लास्टिक सर्जन डॉ. मार्क स्लोन के किरदार में नजर आए थे।
एमियोट्रोफिक लैटरल स्क्लेरोसिस से पीड़ित थे एरिक
एरिक का निधन उनके द्वारा सार्वजनिक रूप से एमियोट्रोफिक लैटरल स्क्लेरोसिस (ALS), जिसे लू गेहरिग रोग के नाम से भी जाना जाता है, से पीड़ित होने की घोषणा करने के मात्र 10 महीने बाद हुआ है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बावजूद डेन अपने पूर्व सह-कलाकारों और प्रशंसकों से जुड़े रहे।
यह खबर भी पढ़ेंः Toxic Teaser: ‘राया’ की दुनिया से हटा पर्दा, ‘टॉक्सिक’ का मच अवेटेड टीजर हुआ रिलीज; यश का दिखा दमदार अंदाज
ग्रेज एनाटॉमी ने दिलाई एरिक को पहचान
शोंडा राइम्स के हिट मेडिकल ड्रामा ग्रेज एनाटॉमी ने एरिक डेन को जल्द ही दर्शकों का चहेता बना दिया। वो पहली बार पैट्रिक डेम्पसी द्वारा अभिनीत डॉ. डेरेक शेफर्ड के करीबी दोस्त से प्रतिद्वंद्वी बने किरदार में नजर आए थे।
दूसरे सीजन में एक कैमियो भूमिका निभाने के बाद, तीसरे सीजन में वो मुख्य कलाकार के रूप में नजर आए। जहां उनका तौलिया लपेटे हुए एंट्री सीन शो के सबसे चर्चित सीन में से एक है। डेन 2012 में सीजन 9 तक सीरीज का एक अहम हिस्सा रहे।
इसके बाद 2021 में वो एक बार फिर कैमियो में नजर आए थे। इसके अलावा डेन ने ‘एक्स-मेन: द लास्ट स्टैंड’ और ‘मार्ली एंड मी’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। वर्षों से उन्होंने टेलीविजन और सिनेमा दोनों क्षेत्रों में एक शानदार करियर बनाया था।