जाफर ने बताया क्यों परिवार से छिपाई माइकल जैक्सन की भूमिका निभाने की बात? बायोपिक को लेकर किया बड़ा खुलासा
Michael Jackson Biopic: माइकल जैक्सन की बायोपिक को लेकर उनके भतीजे जाफर जैक्सन ने बड़ा खुलासा किया है। जानिए आखिर क्यों उन्होंने परिवार से छिपाई बात…
विस्तार
फैंस को पॉप स्टार और डांस लीजेंड माइकल जैक्सन की बायोपिक का बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म का निर्माण माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन कर रहे हैं। वो फिल्म में माइकल जैक्सन की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। अब जाफर ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के बारे में बात की है। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने इस बात को अपने परिवार तक से एक साल तक छिपाकर रखा था।
फिल्म की तैयारी के दौरान भी नहीं लगने दी खबर
को-एक्टर माइल्स टेलर से बात करते हुए जाफर जैक्सन ने कहा कि फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने की बात उन्होंने एक साल तक अपने परिवार से छिपाकर रखी थी। फिल्म की तैयारी के दौरान भी मैंने उन्हें पूरे एक साल तक नहीं बताया। टेलर ने पूछा, ‘आपका क्या मतलब है? जब आपको यह भूमिका मिली, तब भी आपने उन्हें नहीं बताया?’
इस पर एक्टर ने कहा कि नहीं। मेरे परिवार में किसी को भी पूरे एक साल तक पता नहीं था। मैंने इसे तब तक छिपाकर रखा जब तक मुझे इसे साझा करने में सहज महसूस नहीं हुआ। लेकिन जब मेरी मां ने इसे स्क्रीन पर देखा, तो वह दंग रह गईं। उनके लिए इसे मुझसे जोड़ना मुश्किल था, इसलिए यह उनके लिए बहुत भावुक पल था।
पिता ने अब तक नहीं देखी फिल्म
जर्मेन जैक्सन के बेटे जाफर जैक्सन एंटोनी फुक्वा द्वारा निर्देशित फिल्म में माइकल जैक्सन की भूमिका निभा रहे हैं। जाफर इस फिल्म के साथ एक्टिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि अपनी मां के साथ फिल्म देखना एक यादगार अनुभव था। उन्होंने खुलासा किया कि मेरे पिता ने इसे अभी तक नहीं देखा है और मैं इसके लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। यह निश्चित रूप से मेरा एक ऐसा पक्ष दिखाता है जिसे मेरी मां ने नहीं देखा है।
इस बायोपिक का नाम ‘माइकल’ है। फिल्म में माइल्स टेलर ने माइकल के वकील और मैनेजर जॉन ब्रांका, कोलमैन डोमिंगो ने माइकल के पिता और मैनेजर जो, निया लॉन्ग ने माइकल की मां कैथरीन और कैट ग्राहम ने मोटाउन स्टार डायना रॉस का किरदार निभाया है। जाफर ने फिल्म को पहली बार देखने के अपने अनुभव को आंखें खोलने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि जैसे ही फिल्म शुरू हुई, यह मेरे अनुमान से बिल्कुल अलग अनुभव था। यह इतनी तेजी से गुजर गई कि मैं सोचने लगा, 'अरे, बस इतना ही?' लेकिन दूसरी बार देखने पर अनुभव बिल्कुल अलग था। 'माइकल' 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।