सिंगर कीथ अर्बन से तलाक के बाद निकोल किडमैन ने मनाया गैलेन्टाइन डे, इंस्टाग्राम पर शेयर की पोस्ट
Nicole Kidman: एक्ट्रेस निकोल किडमैन और सिंगर कीथ अर्बन के बीच पिछले महीने तलाक हो गया है। लेकिन अब एक्ट्रेस ने एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें वो अकेले 'गैलेन्टाइन डे' मनाती नजर आ रहीं हैं।
विस्तार
‘वैलेंटाइन डे’ प्यार का दिन माना जाता है। लेकिन ऐसा कोई नियम नहीं है कि वैलेंटाइन डे मनाने के लिए आपका रिलेशनशिप में होना जरूरी हो। अगर आप सिंगल हैं, तो भी आप खुद के लिए कुछ खास करके भी इसे मना सकते हैं। इसी का उदाहरण दिया मशहूर एक्ट्रेस निकोल किडमैन।
इंस्टाग्राम पर शेयर की फोटो
ऑस्कर जीत चुकीं निकोल ने इस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो शेयर की, जिसमें वह बेड पर आराम करती नजर आ रही हैं। फोटो में उन्होंने गुलाबी और सफेद धारियों वाली शर्ट पहनी हुई है। खिड़की से आती धूप उनके चेहरे पर पड़ रही है और वह काफी शांत और खुश नजर आ रही हैं। उन्होंने फोटो के कैप्शन में लिखा, ‘हैप्पी गैलेन्टाइन्स।’
पिछले महीने ही हुआ है तलाक
यह पोस्ट उनके और सिंगर कीथ अर्बन के तलाक के एक महीने बाद आया है। दोनों ने 19 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला लिया। उनकी दो बेटियां हैं- संडे रोज, जो 17 साल की हैं और फेथ मार्गरेट, जो 15 साल की हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले साल की गर्मियों से ही दोनों अलग रह रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, निकोल इस रिश्ते को बचाना चाहती थीं, लेकिन बाद में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया।
क्या होता है ‘गैलेन्टाइन डे’?
गैलेन्टाइन डे हर साल 13 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर महिलाओं की दोस्ती के नाम होता है। इस दिन लड़कियां और महिलाएं अपनी सहेलियों के साथ समय बिताती हैं, पार्टी करती हैं या साथ में कुछ खास प्लान करती हैं। इसका मकसद है - दोस्ती, प्यार और अपनेपन का जश्न मनाना। यानी अगर आपके पास पार्टनर नहीं है, तब भी आप अपनी दोस्तों के साथ इस दिन को खुशी-खुशी मना सकती हैं। यह खुद से और अपनी खास सहेलियों से प्यार जताने का दिन है।