Box Office Report: 'पेद्दी' का भौकाल कायम, 'भारत भाग्य विधाता' या 'मैं वापस आऊंगा'; मंडे टेस्ट में कौन अव्वल?
Movies Box Office Collection: सिनेमाघरों में इन दिनों फिल्मों की बहार है। दर्शकों के लिए अलग-अलग जॉनर की कई फिल्में सजी हुई हैं। कल सोमवार को किस फिल्म ने कैसा प्रदर्शन किया? जानिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मनोरंजन के शौकीनों के लिए साउथ से लेकर बॉलीवुड तक कई फिल्मों के विकल्प हैं। एक तरफ राम चरण की 'पेद्दी' मजबूत स्थिति में है। वहीं, बीते शुक्रवार रिलीज हुईं 'भारत भाग्य विधाता' और 'मैं वापस आऊंगा' जैसी फिल्में रिलीज हुईं। वीकएंड पर इन फिल्मों ने ठीकठाक प्रदर्शन किया। मगर, सोमवार को किसका कैसा हाल रहा? पढ़िए बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
मैं वापस आऊंगा
दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शारवरी अभिनीत 'मैं वापस आऊंगा' 12 जून को सिनेमाघरों में लगी थी। ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन शनिवार को 1.85 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं, तीसरे दिन रविवार की छुट्टी का फायदा लेते हुए कमाई 2.50 करोड़ रुपये रही। कल चौथे दिन यानी पहले सोमवार को कलेक्शन में गिरावट देखी गई।
- 'मैं वापस आऊंगा' ने मंडे टेस्ट में 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
- फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 6.75 करोड़ रुपये हो चुका है।
- इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म का बजट मीडिया रिपोर्ट्स में 70 करोड़ रुपये के करीब है।
लाखों में सिमटी 'भारत भाग्य विधाता'
कंगना रनौत अभिनीत यह फिल्म भी 12 जून को रिलीज हुई थी। यह 26/11 हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ओपनिंग डे पर इसने एक करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे दिन शनिवार को कमाई 1.45 करोड़ रुपये रही थी। वहीं, रविवार का कलेक्शन 1.80 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, चौथे दिन यानी सोमवार को कमाई में भारी गिरावट दर्ज हुई। चौथे ही दिन यह लाखों में सिमट गई है। कल सोमवार को फिल्म ने 65 लाख रुपये कमाए थे। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 4.90 करोड़ रुपये हुआ है।
गवर्नर
मनोज बाजपेयी की यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में सजी थी। यह 1991 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर बनी है। रविवार को इसने बॉक्स ऑफिस पर 1.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, कल सोमवार को कमाई लाखों में सिमट गई। फिल्म ने चौथे दिन सिर्फ 50 लाख रुपये कमाए। चिन्मय मांडलेकर निर्देशित फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 3.95 करोड़ रुपये हो चुका है।
हॉन्टेड 3डी- इकोज ऑफ द पास्ट
हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी’ दर्शकों को खींचने में कामयाब होती दिख रही है। वीकएंड के बाद सोमवार को भी इसने करोड़ों कमाए। यह फिल्म 12 जून को रिलीज हुई थी।
ओपनिंग डे पर इसने 2.50 करोड़ रुपये कमाए थे।
- दूसरे दिन 3.25 करोड़ रुपये कमाए थे।
- तीसरे दिन 3.60 करोड़ रुपये कमाए थे।
- वहीं, कल सोमवार को कलेक्शन 2.20 करोड़ रुपये रहा।
- फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 11.55 करोड़ रुपये हो चुका है।
पेद्दी
राम चरण और जान्हवी कपूर अभिनीत साउथ फिल्म दमदार स्थिति में है। यह बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। रविवार को 11वें दिन इस फिल्म ने 9.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, कल सोमवार को भी इसने दोनों हाथों से नोट बटोरे। हालांकि, वीकडेज शुरू होने से कमाई प्रभावित तो हुई, मगर फिर भी शानदार रही। कल सोमवार को 12वें दिन फिल्म ने 4.10 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 220.10 करोड़ रुपये हो चुका है।
है जवानी तो इश्क होना है
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' भी सिनेमाघरों में सजी हुई है। यह फिल्म 05 जून को रिलीज हुई थी। रविवार को बॉक्स ऑफिस पर इसने 2.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, कल सोमवार को भी ठीकठाक कमाई रही। कल 11वें दिन इस फिल्म ने 1.35 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 46.15 करोड़ रुपये हो गया है।