Sarzameen Trailer: खतरनाक अंदाज में नजर आए इब्राहिम अली खान, काजोल-पृथ्वीराज की ‘सरजमीं’ का ट्रेलर रिलीज
Sarzameen Trailer Release: ‘मां’ अभी सिनेमाघरों में चल रही है, इस बीच काजोल की अगली फिल्म ‘सरजमीं’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। जानिए ट्रेलर में क्या कुछ है खास।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'मेरे लिए सरजमीं की सलामती से बढ़कर मेरे लिए कुछ भी नहीं।' इब्राहिम अली खान, काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ‘सरजमीं’ का ट्रेलर आज जारी हो गया है। पिछले दिनों रिलीज हुए फिल्म के टीजर की काफी चर्चा रही थी। अब एक हफ्ते बाद ही मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में इब्राहिम अली खान एकदम अलग और दमदार अंदाज में देखने को मिलेंगे।
काजोल के बेटे बने इब्राहिम
ट्रेलर की शुरुआत में इब्राहिम अली खान पीछे से दिखाए जाते हैं। वो सेना की वर्दी पहने और हाथ में रिवॉल्वर लिए बर्फ पर चल रहे हैं। अचानक वो थक कर वहीं बैठ जाते हैं। इसके साथ ही एक वॉइस ओवर चल रहा है जिसमें कहा जाता है ‘तुम्हें पता है कुछ घाव ऐसे होते हैं, जो तब तक नहीं मिटते हैं, जब तक उनकी याद नहीं मिट जाती है।’ 2 मिनट 13 सेकंड के इस ट्रेलर में भरपूर एक्शन देखने को मिलता है। ट्रेलर से पता चलता है कि इब्राहिम अली खान फिल्म में काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन के बेटे हरमन का किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म एक परिवार की कहानी है। जहां एक आर्मी ऑफिसर का बेटा किन्हीं परिस्थितियों में आतंकवादी बन जाता है। पिता आर्मी में और बेटा आतंकवादी, ऐसे में मां की ममता अपने बेटे से खत्म नहीं होती। फिल्म का प्लॉट काफी घिसा-पिटा मालूम होता है। ट्रेलर में पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान के बीच जबरदस्त फेस ऑफ देखने को मिला है। जिससे उम्मीद है कि फिल्म में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। फिल्म के लिए इब्राहिम ने अपने फिजिक पर काफी मेहनत की है, जो उनके लुक में दिखता है। ट्रेलर में इब्राहिम के दो लुक सामने आए हैं, एक शेव्ड और एक बियर्ड वाला। ट्रेलर में काजोल एक बेटे की ममता में डूबी मां के किरदार में हैं। ट्रेलर का अंत भी काजोल के डायलॉग से होता है, जिसमें वो कहती हैं 'अपनों के खून से बढ़कर कुछ भी नहीं है।'
इस 2 मिनट 13 सेकंड के ट्रेलर में फिल्म की पूरी कास्ट को दिखाया गया है, जिसमें प्रमुखता सिर्फ काजोल, इब्राहिम और पृथ्वीराज सुकुमारन को ही दिखाया गया है। ट्रेलर की लिमिट भी सिर्फ 2 मिनट से कुछ लंबी है, जिससे पता चलता है कि शायद फिल्म की कहानी ज्यादा लंबी नहीं है। फिल्म में सरप्राइज पैक सिर्फ इब्राहिम अली खान हैं। क्योंकि अपनी पहली फिल्म 'नादानियां' में वो एक लवर बॉय बने थे। फिल्म की काफी आलोचना हुई थी। अब अपनी दूसरी ही फिल्म में इब्राहिम एक इंटेंस किरदार में नजर आ रहे हैं। वो भी काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे स्टार्स के साथ। ऐसे में ये फिल्म इब्राहिम के लिए काफी अहम है।
बोमन ईरानी के बेटे कायोज ईरानी ने किया फिल्म का निर्देशन
धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी ‘सरजमीं’ को बोमन ईरानी के बेटे कायोज ईरानी ने डायरेक्ट किया है। कायोज करण जौहर द्वारा निर्देशित ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में बतौर अभिनेता नजर आए थे। वो सिद्धार्थ, वरुण और आलिया के क्लासमेट बने थे। अब कायोज ने करण जौहर के ही प्रोडक्शन हाउस की फिल्म से निर्देशन में अपनी शुरुआत की है। ‘सरजमीं’ 25 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हो रही है।

कमेंट
कमेंट X