अक्षय कुमार की इस फिल्म ने बदला आदिवी शेष का नजरिया, जानें ‘डकैत’ बनाने के लिए कहां से मिली प्रेरणा?
Adivi Sesh: आदिवी शेष ने बताया कैसे अक्षय कुमार ने ‘डकैत’ बनाने के लिए उन्हें किया प्रेरित? जानिए अक्षय की किस फिल्म ने बदल दिया आदिवी शेष का नजरिया…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आदिवी शेष इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘डकैत’ को लेकर चर्चाओं में हैं। मुख्य भूमिका निभाने के अलावा आदिवी शेष ने इस फिल्म को लिखा भी है। हाल ही में अभिनेता ने खुलासा किया कि अक्षय कुमार की एक फिल्म ने हिंदी में कहानी कहने के उनके नजरिए को बदल दिया। खासकर उनकी नई फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' के लिए।
काउबॉय वेस्टर्न फिल्म की पृष्ठभूमि चाहते थे आदिवी
इंडिया टुडे के साथ बातचीत के दौरान आदिवी शेष ने फिल्म के आंध्र-कर्नाटक की सीमा पर बेस्ड होने और इसकी सेटिंग को लेकर बात की। एक्टर ने कहा कि यह परिदृश्य एक सोची-समझी क्रिएटिव पसंद थी। फिल्म का धूल भरा, धूप से तपता इलाका इसलिए रखा गया, ताकि दक्षिण भारतीय काउबॉय वेस्टर्न जैसा लगे।
आदिवी शेष ने कहा कि अक्षय कुमार की ‘पैडमैन’ देखने और उसकी वास्तविक पृष्ठभूमि के बारे में जानने के बाद उन्होंने क्षेत्रीय कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने के तरीके पर फिर से विचार किया। उन्होंने कहा कि हम कुछ ऐसा चाहते थे, जो किसी काउबॉय वेस्टर्न फिल्म की पृष्ठभूमि जैसा लगे। हम हमेशा से जानते थे कि यह एक दक्षिण भारतीय कहानी होगी जिसे हिंदी में बताया जाएगा।
‘पैडमैन’ देखकर बदला नजरिया
अभिनेता ने आगे बताया कि ‘पैडमैन’ ने उनके इस निर्णय को कैसे प्रभावित किया। मुझे अक्षय कुमार की ‘पैडमैन’ बहुत पसंद आई थी। जब मैंने इसकी असली कहानी पढ़ी, तो मुझे पता चला कि यह वास्तव में एक तमिल कहानी है। तो मुझे लगा, क्यों न हम अपनी कहानियां हिंदी में बताएं ताकि हम खुद सीधे दर्शकों तक पहुंच सकें।
कहानी को अधिक पारंपरिक हिंदी भाषी क्षेत्र में दिखाने के बजाय हिंदी में सुलभ बनाते हुए दक्षिण भारतीय पृष्ठभूमि को बरकरार रखने का फैसला किया। कहानी को नए सिरे से सेट करने के बजाय, किरदारों को संयोगवश वहां हिंदी भाषी दिखाया गया है।
अभिनेता का यह नजरिया भारतीय सिनेमा में एक बड़े बदलाव को भी दिखाता है। जहां भाषाई सीमाएं तेजी से लचीली होती जा रही हैं और कहानियां पहले से कहीं अधिक सहजता से क्षेत्रों की सीमाओं को पार कर रही हैं।
शेनिल देव द्वारा निर्देशित 'डकैत: एक प्रेम कथा' इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। हालांकि, ‘धुरंधर 2’ के आगे फिल्म हिंदी भाषा में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रही है। लेकिन तेलुगु वर्जन फिर भी ठीक-ठाक कमाई कर रहा है। फिल्म में आदिवी शेष के अलावा मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप भी मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में प्रकाश राज और अतुल कुलकर्णी भी अहम किरदारों में नजर आए हैं।