Varanasi: क्या महेश बाबू की 'वाराणसी' की कहानी हुई लीक? क्या होगा राजामौली का अगला कदम
Varanasi Movie: एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' की रिलीज में सिर्फ एक साल बचा है, ऐसे में फिल्म की कहानी ऑनलाइन लीक हो गई है। फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली अब क्या कदम उठाएंगे?
विस्तार
ऑनलाइन लीक हुई 'वाराणसी' की कहानी?
हाल ही में 'वाराणसी' का टीजर जारी हुआ था, लेकिन पूरी कहानी को गुप्त रखा गया था। अब ऑनलाइन एक छोटा सारांश सामने आया है। इस सारांश के मुताबिक, कहानी एक शिव भक्त की है। वह समय यात्रा करता है और एक बहुत पुरानी, बेहद शक्तिशाली ब्रह्मांडीय कलाकृति को ढूंढने की खतरनाक यात्रा पर निकलता है। जैसे-जैसे नायक आगे बढ़ता है, उसे एक बड़ा राज पता चलता है। इस पूरे मिशन के पीछे एक चालाक व्यक्ति है, जो पूरी दुनिया पर कब्जा करना चाहता है।
सिनेसाइट की वेबसाइट पर दिए गए इस सारांश में लिखा है कि महेश बाबू का किरदार रुद्र है। पृथ्वीराज सुकुमारन का किरदार कुंभ है। कुंभ, रुद्र को समय यात्रा पर भेजता है। लेकिन जल्द ही रुद्र को कुंभ की असली मंशा का पता चल जाती है। कुंभ फिल्म का खलनायक है। वह 'रामायण' काल की एक खास कलाकृति को हासिल करना चाहता है, ताकि वह अपना राज स्थापित कर सके। इस कलाकृति का सही स्वरूप अभी नहीं बताया गया है। सिनेसाइट ने हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों जैसे 'द विचर', 'एक्वामैन', 'थोर: लव एंड थंडर' और 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' के साथ काम किया है।
अब सवाल यह है कि राजामौली क्या करेंगे?
'वाराणसी' की कहानी लीक होने के बाद फिल्म जगत के लोग अटकलें लगा रहे हैं। राजामौली अपनी फिल्मों पर बहुत सख्ती से नजर रखते हैं। वे गोपनीयता बढ़ा सकते हैं या कहानी में कुछ बदलाव कर सकते हैं, ताकि दर्शकों की उत्सुकता बनी रहे। अभी तक राजामौली की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
कब रिलीज होगी 'वाराणसी'
फिल्म 'वाराणसी' एसएस राजामौली निर्देशित और विजयेंद्र प्रसाद द्वारा लिखी गई है। फिल्म पौराणिक कहानियों और भारतीय लोक कथाओं को समय यात्रा (साइंस फिक्शन) के साथ जोड़ती है। इसमें महेश बाबू, पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े सितारे हैं। यह फिल्म अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: 'लव इंश्योरेंस कंपनी' की रिलीज से पहले नयनतारा और विग्नेश ने किए तिरुपति मंदिर के दर्शन, देखें वायरल वीडियो