‘यह साल नई शुरुआत लेकर आया है’, फिल्मों में डेब्यू को तैयार मोहनलाल की बेटी; पिता ने जन्मदिन पर दी शुभकामना
Mohanlal Daughter Film Debut: मोहनलाल की बेटी विस्मया भी अब पिता के नक्शेकदम पर चलने को तैयार हैं। बेटी के डेब्यू से पहले मोहनलाल ने खुशी जताते हुए, जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। जानिए उन्होंने बेटी के लिए क्या कुछ कहा और किस फिल्म से डेब्यू करने जा रहीं विस्मया…
विस्तार
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने अपनी बेटी विस्मया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बेटी की फिल्मों में शुरुआत को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने बेटी की मेहनत की भी जमकर सराहना की है।
सिनेमा की दुनिया में तुम्हारा सफर आगे बढ़ रहा है
मोहनलाल ने इंस्टाग्राम पर बेटी विस्मया की एक तस्वीर साझा करते हुए जन्मदिन की और नई शुरुआत करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। एक्टर ने लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो मेरी प्यारी मायाकुट्टी।
यह साल एक खूबसूरत नई शुरुआत लेकर आया है। नए सपने साकार हो रहे हैं और सिनेमा की दुनिया में तुम्हारा सफर आगे बढ़ रहा है। मुझे तुम पर बहुत गर्व है कि तुम हर काम में अपना जुनून और साहस दिखाती हो। उम्मीद है कि यह साल दुनिया को तुम्हारी चमक से भर दे।’
'थुडक्कम' से डेब्यू करेंगी विस्मया
विस्मया 'थुडक्कम' से फिल्मों में अपनी शुरुआत कर रही हैं। थुडक्कम की शूटिंग फरवरी 2026 में थोडुपुझा में पूरी हो चुकी है। फिल्म का निर्देशन जूड एंथनी जोसेफ ने किया है। फिल्म में मोहनलाल की बेटी के साथ निर्माता एंटनी पेरुंबवूर के बेटे आशीष एंटनी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। जबकि फिल्म में मोहनलाल का भी कैमियो होने की उम्मीद है। फिल्म के इस साल ओणम के समय रिलीज होने की संभावना है।
मोहनलाल और उनकी पत्नी सुचित्रा मोहनलाल के दो बच्चे हैं: एक बेटा, प्रणव और बेटी विस्मया। प्रणव भी फिल्मों में हैं, उन्होंने 'डाइस इराए' में अपनी भूमिका के लिए पहचान हासिल की। अब विस्मया भी पिता और भाई के नक्शेकदम पर आगे बढ़ रही हैं। विस्मया अभी तक एक लेखिका, कुशल कलाकार और प्रशिक्षित मार्शल आर्टिस्ट के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने 2021 में 'ग्रेन्स ऑफ स्टारडस्ट' नाम से कविताओं और आर्ट्स की एक किताब प्रकाशित की। उन्होंने थाईलैंड में मुए थाई और कुंग फू का प्रशिक्षण लेते हुए 22 किलो वजन भी कम किया है।