‘मेड इन कोरिया’ फिल्म की रिलीज डेट का हुआ ऐलान, इस दिन होगी स्ट्रीम; साउथ कोरिया के पॉपुलर एक्टर भी हैं हिस्सा
Made In Korea Movie: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपनी नई तमिल फिल्म ‘मेड इन कोरिया’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। जानिए कब रिलीज होगी मूवी।
विस्तार
नई तमिल फिल्म ‘मेड इन कोरिया’ की रिलीज डेट डेट सामने आ गई है। ये नए कॉन्सेप्ट की फिल्म आप जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉरम नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे। यह एक खूबसूरत क्रॉस-कल्चरल कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा है, जो तमिलनाडु की एक लड़की के कोरिया जाने के सपने और उसके सफर की कहानी दिखाती है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी शेनबगम उर्फ शेनबा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार प्रियंका मोहन निभा रही हैं। बचपन से ही शेनबा को कोरियन संस्कृति से खास लगाव होता है। वह कोरिया को सिर्फ दूर से देखने का नहीं, बल्कि उसे जीने का सपना देखती है।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वह अचानक सियोल पहुंच जाती है। लेकिन वहां की असल जिंदगी उसके सपनों से काफी अलग निकलती है। चुनौतियों से भरे इस सफर में शेनबा खुद को पहचानती है, मजबूत बनती है और नए रिश्तों से जुड़ती है।
साउथ कोरिया के पॉपुलर एक्टर भी हैं हिस्सा
फिल्म के राइटर और डायरेक्टर कार्तिक का कहना है कि वह तमिल और कोरियन संस्कृति के बीच की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक समानताओं से हमेशा प्रभावित रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी जिज्ञासा से उन्हें यह कहानी बनाने की प्रेरणा मिली। उनके मुताबिक, ‘मेड इन कोरिया’ एक दिल को छू लेने वाली, उम्मीद से भरी और जिंदगी के छोटे-छोटे पलों को खूबसूरती से दिखाने वाली फिल्म है।
प्रियंका मोहन ने कहा कि शेनबा का किरदार उनसे तुरंत जुड़ गया। उनके मुताबिक, शेनबा का कोरिया जाने का सपना मासूम जिज्ञासा और खुशी से भरा है, और नेटफ्लिक्स की इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। फिल्म में उनके साथ साउथ कोरिया के पॉपुलर एक्टर पार्क हे जिन भी नजर आएंगे।
रिलीज अनाउंस करते हुए नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर किया जिसमें फिल्म की कहानी के बारे में बताया गया। प्लेटफॉर्म ने कन्फर्म किया कि फिल्म 12 मार्च से तमिल, तेलुगु, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम में स्ट्रीम होगी।