थिएटर रिलीज को नहीं हुआ महीनाभर भी और ओटीटी पर रिलीज होने जा रही 'उस्ताद भगत सिंह'; जानिए कब और कहां देखें?
Ustaad Bhagat Singh OTT Release: फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' की थिएटर रिलीज को अभी महीनाभर भी नहीं हुआ है और अब यह ओटीटी पर दस्तक देने वाली है। इस महीने यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी।
विस्तार
पवन कल्याण अभिनीत फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसने 'धुरंधर 2' के साथ थिएटर्स में दस्तक दी। रणवीर सिंह की स्पाई एक्शन फिल्म के क्रेज के आगे 'उस्ताद भगत सिंह' की चमक फीकी पड़ गई और जल्द ही बॉक्स ऑफिस से इसकी विदाई हो गई। और, अब यह ओटीटी पर आने वाली है।
किस प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम?
फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह', आदित्य धर निर्देशित फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' की दहाड़ के सामने ज्यादा दिनों तक सिनेमाघरों में नहीं टिक पाई। अब यह फिल्म ओटीटी पर आ रही है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। दिग्गज ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर कर फिल्म की ओटीटी रिलीज का आधिकारिक एलान किया है।
‘धुरंधर 2’ की सफलता पर सारा अर्जुन पहुंची उज्जैन, बाबा महाकाल के किए दर्शन; कहा- ‘इससे बेहतर एहसास कोई नहीं’
कब से देख पाएंगे 'उस्ताद भगत सिंह'?
साझा किए गए पोस्ट के मुताबिक यह फिल्म 16 अप्रैल 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। यह फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की ओटीटी रिलीज का एलान करने के साथ कैप्शन लिखा है, 'नाम भगत है, लेकिन उनकी क्रांति ही उनकी पहचान है'।
फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' का बॉक्स ऑफिस
19 मार्च 2026 को ही रिलीज हुई 'धुरंधर 2' जहां हजार करोड़ क्लब का हिस्सा बन चुकी है और अब तक मजबूती से थिएटर में जमी है। वहीं, 'उस्ताद भगत सिंह' 100 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पाई। यह फिल्म 14 दिन बाद ही टिकट खिड़की से विदा हो चुकी है। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 71.01 करोड़ रुपये है। देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर इसे दर्शकों का कैसा रेस्पॉन्स मिलता है।