‘कपिल शर्मा शो में हुआ मेरा अपमान’, सुनील पाल ने स्टैंड-अप कॉमेडी में गाली-गलौज के इस्तेमाल पर जताई नाराजगी
Sunil Pal: सुनील पाल ने एक बार फिर स्टैंड-अप कॉमेडी में अभद्र भाषा और गाली-गलौज पर नाराजगी जताई है। जानिए कपिल शर्मा शो को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वेटरन कॉमेडियन सुनील पाल अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। उनके कई बयान उन्हें विवादों में भी ला देते हैं। अब एक बार फिर सुनील पाल ने वल्गर कंटेंट, ट्रोलिंग और गैर-जिम्मेदार कॉमेडी की आलोचना की है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने वाले कॉमेडी कंटेंट, कॉमेडी में गाली-गलौज के इस्तेमाल को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।
वायरल होने के लिए लोग कुछ भी कंटेंट बना रहे हैं
शॉर्टकट पॉपुलर्टी की तीखी आलोचना करते हुए एएनआई से बातचीत में सुनील पाल ने कहा कि आज के दौर में लोग क्रिएटिविटी और टेलेंट की बजाय सनसनीखेज कंटेंट से लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूट्यूब पर कोई सेंसरशिप नहीं है, इसलिए ऐसी फिल्में और रीलें बन रही हैं।
कई लड़के बहुत कम कपड़े पहनकर रीलों में आते हैं, कुछ कारों में बैठकर सिर्फ ट्रेंड बनाने के लिए बेतुकी बातें करते हैं। वे व्यूज के लिए ट्रोलर्स को काम पर रखते हैं। अगर कोई उन्हें ट्रोल करता है, तो वे उस व्यक्ति को गाली देते हैं।
यहां तक कि जब मैं कुछ सही कहता हूं जैसे कि लोगों को गाली नहीं देनी चाहिए, तब भी मुझे बुरी तरह निशाना बनाया जाता है। रातोंरात सफलता पाने का जुनून युवा दर्शकों की मानसिकता को नुकसान पहुंचा रहा है।
स्टैंड-अप कॉमेडी में वल्गर जोक और शराब का महिमा मंडन होता है
सुनील पाल का कहना है कि युवा बहुत कुछ सीखना और हासिल करना चाहते हैं। उनकी सोच बहुत अच्छी है। लेकिन ये शॉर्टकट उन्हें गलत रास्ते पर ले जा रहे हैं। उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी में गाली-गलौज के अधिक इस्तेमाल, शराब और ड्रग्स के महिमा मंडन की भी आलोचना की।
सुनील ने कहा कि कई स्टैंड-अप शो में वे सिर्फ शराब, ड्रग्स और गाली-गलौज की बात करते हैं। वे अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र जैसे दिग्गजों के नाम भी बिना उनकी हैसियत समझे ही ले लेते हैं। कई स्टैंड-अप शो क्रिएटिविटी और फैमिली एंटरटेनमेंट के बजाय गाली-गलौज, शराब और वल्गर जोक पर अधिक ध्यान देते हैं।
कपिल के शो में मुझे निशाना बनाया गया
बातचीत के दौरान सुनील पाल ने हाल ही में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में अपनी मौजूदगी पर भी बात की। हालांकि, उन्होंने कहा कि शो में उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि मैं कपिल शर्मा के शो में 5 बार जा चुका हूं। कपिल मुझे फोन करते हैं। वह मेरे दोस्त हैं। मैं कपिल का सम्मान करता हूं। कपिल ने ही मुझे शो में आने के लिए कहा था।
हालांकि, एक खास घटना के बारे में बात करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से नहीं बताया गया था कि उस सेगमेंट के दौरान उन्हें स्टैंड-अप कॉमेडी भी करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य बातचीत थी।
मैंने सोचा कि यह भी एक फॉर्मेट है। मुझे नहीं पता था कि मुझे स्टैंड-अप के लिए बुलाया जाएगा और मुझे ट्रोल किया जाएगा। लेकिन बाद में मुझे एहसास हुआ कि इतने बड़े शो में मुझे सिर्फ इसलिए बुलाया गया था, क्योंकि वो मुझे निशाना बनाना चाहते थे। वो मेरा अपमान करके खुद को बड़ा दिखाना चाहते थे।
मेरे सेट के कई हिस्से काट दिए गए
सुनील पाल ने बताया कि वहां मुझे नीचा दिखाने के लिए सबने जानबूझकर ऐसा किया। अर्चना पूरन सिंह हंस नहीं रही थीं। सिद्धू भी यही कह रहे थे। मेरा हौसला और हिम्मत टूट गई। मेरे एक्ट के कुछ हिस्से काट दिए गए, जबकि जहां मैं कंफर्टेबल नहीं था उन्हें रखा गया।
उन्होंने मेरे अपमान को इतना बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जैसे पहले कभी ऐसा हुआ ही न हो। मेरे पास भी ऐसे कई ऑफर आते हैं, जहां स्टैंड-अप कॉमेडी में गाली देने को कहा जाता, लेकिन मैं अपना जमीर नहीं बेचना चाहता। हमें पैसे के लिए अपनी अंतरात्मा नहीं बेचनी चाहिए।