एकता कपूर ने ‘नागिन 7’ को लेकर दी नई अपडेट, जानिए क्या बंद होने वाला है शो? कब आएगा अगला सीजन
Ektaa Kapoor On Naagin 7: एकता कपूर ने नागिन 7 से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है। जानिए शो खत्म होने को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
टीवी की क्वीन कही जाने वाली निर्माता एकता कपूर ने अपने हिट सुपरनेचुरल शो नागिन 7 को लेकर एक अहम अपडेट साझा किया है। उन्होंने पुष्टि की है कि मौजूदा सीजन जल्द ही समाप्त होने वाला है और अगले साल इसे फिर से शुरू करने की योजना है।
चैनल के कहने पर बंद होगा ‘नागिन 7’
एकता कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में शो के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर बात करते हुए स्पष्ट किया कि सीजन को समाप्त करने का फैसला आंशिक रूप से शेड्यूलिंग की वजह से लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘नागिन को लेकर कुछ अपडेट देने आई हूं। दोस्तों, मैंने कल एक पोस्ट किया था और मुझे एहसास नहीं था कि हम अचानक शो खत्म करने वाले हैं।
लेकिन हां, चैनल के अनुरोध के कारण हमें अप्रैल में शो खत्म करना था। अब हम इसे मेरे जन्मदिन पर खत्म कर रहे हैं। नागिन के किसी भी सीजन की ऐसी योजना नहीं थी। यह सिर्फ 30 एपिसोड का होना था। लेकिन हमने इसे 48 एपिसोड तक बढ़ा दिया और फिर हम अगले साल वापस आएंगे।’
छोटे सीजन बनाने की योजना बना रहीं एकता
एकता ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक और वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने छोटे सीजन बनाने के अपने फैसले के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, ‘नागिन को हर साल प्रसारित करने के लिए हमें छोटे सीजन बनाने चाहिए ताकि मुझे अपना सारा समय न देना पड़े और मैं बाकी कामों पर ध्यान दे सकूं। अगर सीजन लंबा हो जाता है, तो अगले साल वापसी के लिए हमें एक ब्रेक की जरूरत होगी।’
‘नागिन 7’ का फिनाले एपिसोड अब 7 जून को टेलीकास्ट होगा, उस दिन एकता कपूर का जन्मदिन भी है। मौजूदा सीजन में प्रियंका चाहर चौधरी मुख्य भूमिका में हैं। हाल ही में कहानी उनके किरदार से जुड़े एक गहन लव ट्रायंगल पर केंद्रित रही है।
दर्शकों को बांधे रखने और ड्रामा को बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने फिनाले से पहले कई नए किरदारों को भी पेश किया है। इसके फिनाले की घोषणा के साथ फैंस अगले साल नए सीजन के साथ वापसी से पहले एक हाई-वोल्टेज क्लाईमैक्स की उम्मीद कर रहे हैं। ‘नागिन 7’ कलर्स टीवी जियोहॉटस्टार पर मौजूद है।

कमेंट
कमेंट X