'क्योंकि 2...' में आया बड़ा ट्विस्ट; तुलसी के सामने खड़ा हुआ अपना खौफनाक अतीत; इस सदस्य की हुई शो में एंट्री
Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में एक धमाकेदार ट्विस्ट आया है। तुलसी के अतीत का एक डरावना पल उसके सामने आकर खड़ा हो गया, जिसे देख वह हैरान है। जानिए कहानी में क्या हुआ है?
विस्तार
टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' काफी लोकप्रिय रहा था। इसकी वजह मान सकते हैं कि तब मुख्य रूप से टेलीविजन का जमाना था। अब इसका दूसरी सीजन आया है और वह ऐसे दौर में आया है, जब ओटीटी की खूब धूम है। मगर, बावजूद इसके यह भी खूब पसंद किया जा रहा है। इससे यह भी साबित होता है कि छोटे पर्दे का जलवा कायम है। बता दें कि 'क्योंकी 2...' टीआरपी की रेस में शो टॉप पर है। अब इसकी कहानी में एक नया ट्विस्ट आया है।
क्यों भयभीत हो गई तुलसी?
बीते कुछ दिनों से इस सीरियल में नंदिनी और करण के रिश्ते में तकरार दिखाई जा रही थी। नंदिनी को शक है कि करण का किसी और महिला से अफेयर चल रहा है। उसे इसके पर्याप्त सबूत भी मिल गए। जब तुलसी के सामने यह बात आई तो उसने सौतेले बेटे करण की जासूसी शुरू की और पता चला कि नंदिनी का शक सही है। मगर, अब पता चला है कि करण का कोई अफेयर नहीं है, बल्कि सच कुछ और है। सच को सुनकर तुलसी भयभीत हो गई है।
तुलसी ने करण के मुंह पर जड़े तमाचे
करण का कहीं अफेयर नहीं चल रहा, यह साबित करने के लिए उसने तुलसी और बा की कसम खाई थी। मगर, शक बरकरार रहने पर तुलसी अपने बेटे करण का पीछा करते हुए जाती है और उसे किसी दूसरी महिला के साथ देखकर हैरान रह जाती है। वह करण को फोन करके बिल्डिंग के नीचे बुलाती है। वह, इस बात पर नाराजगी जताती है कि उसने बा की और उसकी झूठी कसम खाई। गुस्से में तुलसी करण के मुंह पर एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ देती है। इस बीच एक युवक आकर तुलसी का हाथ पकड़कर कहता है, 'मेरे डैड पर हाथ कैसे उठाया'?
अंश के बेटे को करण ने दिया अपना नाम
तुलसी का हाथ जिस शख्स ने थामा, उसे देखकर वह सदमे में चली जाती है। वह बीच सड़क पर भयभीत सी दौड़ती है। दरअसल, सामने जो शख्स है, उसकी शक्ल तुलसी के बेटे अंश गुजराल जैसी है। वही, अंश गुजराल जिसकी तुलसी ने खुद गोली मारकर हत्या की थी। तुलसी का अपने अतीत से साक्षात्कार होता है। तुलसी करण से पूछती है कि ये कौन है? तब करण का जो जवाब आता है, उससे यह भी स्पष्ट हो जाता है कि उसका शादी से बाहर कोई अफेयर नहीं है।
शांति निकेतन में होगी अंश के बेटे की एंट्री
करण बताता है कि वह अंश का बेटा रेयांश है। अंश का एक अफेयर था। अंश की जिस वक्त मौत हुई, उसकी गर्लफ्रेंड प्रेग्नेंट थी। उस महिला का अचानक एक्सीडेंट हो गया, करण उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। ऐसे में एक बच्चे की जिंदगी बर्बाद न हो, इसलिए करण ने उसे अपना नाम दिया। रेयांश की नजरों में करण ही उसका पिता है। मगर, हकीकत में उसका पिता अंश है। आने वाले दिनों में रेयांश की एंट्री शांति निकेतन में होगी। मगर, जब उसे पता चलेगा कि उसके पिता को तुलसी ने मौत के घाट उतारा, तब कहानी क्या ट्विस्ट लेगी? यह देखना मजेदार होगा।

कमेंट
कमेंट X