'मेरी जिंदगी की सबसे खास फिल्म'; 'चंदू चैंपियन' की रिलीज को दो साल पूरे; कार्तिक ने साझा किया इमोशनल पोस्ट
Two Years Of Chandu Champion: कार्तिक आर्यन की फिल्म 'चंदू चैंपियन' की रिलीज को आज दो साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर कार्तिक ने एक पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म की तैयारी को लेकर दिलचस्प बातें शेयर की हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साल 2024 में आज के दिन यानी 14 जून को फिल्म 'चंदू चैंपियन' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के लिए कार्तिक ने गजब का ट्रांसफॉर्मेशन किया था। उन्होंने करीब 18 किलो वजन कम किया था। फिल्म में उनके काम को सराहा भी गया। फिल्म की दूसरी सालगिरह पर कार्तिक ने एक पोस्ट शेयर किया है। जानिए उन्होंने क्या लिखा?
लिखा- 'उन चीजों की याद दिलाई, जिन पर मेरा यकीन था'
कार्तिक आर्यन ने लिखा है, 'दो साल पहले, मैंने एक ऐसे इंसान की जिंदगी को जिया, जिसे दुनिया भूल चुकी थी और उसने मुझे उन सभी चीजों की याद दिलाई जिन पर मैं यकीन करता था। मुझे पक्का नहीं पता कि मैं इसे पूरी तरह शब्दों में बयां कर पाया हूं या नहीं, लेकिन मैं कोशिश जरूर करूंगा। यह फिल्म सिर्फ एक ऐसे आदमी के बारे में नहीं है, जिसने हार मानने से इनकार कर दिया, बल्कि यह उन जख्मों के बारे में है जो मेडल बन जाते हैं और उन नाकामियों के बारे में है, जो वापसी का जरिया बनती हैं'।
'जो हासिल किया, उसके आगे मेहनत कुछ भी नहीं'
कार्तिक ने आगे लिखा है, 'मैंने जो 18 किलो वजन घटाया, वह उस सब के आगे कुछ भी नहीं था, जो मैंने हासिल किया। 'चंदू चैंपियन' मेरी जिंदगी की सबसे खास फिल्म है। मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए मुझे कुछ ऐसा बनना पड़ा, जो मैं पहले कभी नहीं था। सुबह-सुबह उठना, पसीने की हर बूंद, सेट पर खुद पर शक करने का हर पल... यह सिर्फ एक्टिंग नहीं थी। यह असल जिंदगी जीने जैसा था। चंदू की कहानी ने मुझे सिखाया कि दुनिया आपके सपने पर तालियां बजाने से पहले उस पर हंसेगी। फिनिश लाइन उन्हीं की होती है, जो जिद ठानकर दौड़ते रहते हैं। इस शूट के हर दिन मैंने इस बात को अपने साथ रखा और सच कहूं तो आज भी रखता हूं।
निर्देशक और टीम को कहा शुक्रिया
कार्तिक ने आगे फिल्म के निर्देशक कबीर खान का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा है, 'कबीर सर, इतनी शानदार कहानी के लिए मुझ पर भरोसा करने के लिए आपका शुक्रिया। साजिद सर, इसे मुमकिन बनाने और हमेशा एक पावरहाउस की तरह साथ रहने के लिए शुक्रिया। कैमरे के पीछे मौजूद हर उस इंसान का शुक्रिया, जिन्होंने सुबह पांच बजे मेरे साथ दौड़ लगाई और जिन्होंने मुझे तब आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जब मैं रुकना चाहता था। कार्तिक ने आगे यह भी लिखा है कि, हम आपके लिए आगे क्या लेकर आ रहे हैं, यह बताने का बेसब्री से इंतजा है। बस थोड़ा सा इंतजार... चैंपियंस की वापसी होगी'। बता दें कि तारीफों के बावजूद कार्तिक की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास नहीं रही थी। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, इसने करीब 63.57 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका बजट 130 से 140 करोड़ रुपये के करीब था।