बड़ी ही अजीबोगरीब परिस्थिति में विद्या बालन को मिला था ‘परिणीता’ का ऑफर, विधु विनोद चोपड़ा ने किया था फोन
Vidya Balan About Her First Break: विद्या बालन ने उस वक्त को याद किया, जब उन्हें ‘परिणीता’ के ऑफर के लिए कॉल आया था। जानिए उस वक्त कहां और किस परिस्थिति में थीं विद्या बालन?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विद्या बालन वो अभिनेत्री हैं जिन्होंने अपने अभिनय की दम पर इंडस्ट्री में अपना एक अलग मुकाम हासिल किया है। अब विद्या बालन भले ही कम फिल्मों में नजर आती हों, लेकिन उनकी गिनती इंडस्ट्री की दिग्गज अभिनेत्रियों में होती है। हाल ही में विद्या बालन ने खुलासा किया कि उन्हें ‘परिणीता’ का ऑफर एक बेहद ही अप्रत्याशित माहौल में मिला था, जो उन्हें आज भी याद है।
एनरिक के कॉन्सर्ट में मिला प्रस्ताव
बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए विद्या ने उस रात को याद किया जिसने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। अभिनेत्री ने बताया कि मैं और मेरी दोस्त पवित्रा 2004 में मुंबई में एनरिक के कॉन्सर्ट में थे। तभी निर्देशक प्रदीप सरकार ने मुझे फोन किया था और ‘परिणीता’ का प्रस्ताव दिया था। विद्या ने बताया कि हम स्टेज के और करीब पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। मेरा फोन बंद था और एनरिक गानों के बीच में ही स्टेज से उतर गए थे। हम उम्मीद कर रहे थे कि जब तक वह परफॉर्म करने के लिए वापस आएंगे, हम आगे पहुंच जाएंगे और वह मुझे स्टेज पर खींच लाएंगे। लगभग इसी समय प्रदीप दादा ने मुझे फोन किया होगा, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। इसलिए उन्होंने पवित्रा को फोन किया। उन्होंने उससे पूछा, 'विद्या कहां है?’
जब विधु विनोद चोपड़ा ने बोला तुम ‘परिणीता’ हो
विद्या ने आगे बताया कि इसके बाद जो हुआ वो तो बस किस्मत ही लिख सकती थी। पवित्रा ने मुझे फोन दिया। दादा ने बताया कि विधु विनोद चोपड़ा मुझसे बात करना चाहते हैं। मैंने उनसे कहा कि मैं एक कॉन्सर्ट में हूं और बाहर आकर बात कर सकती हूं। तभी मिस्टर चोपड़ा फोन पर आए और बोले, 'विद्या बालन तुम्हें उस जगह से निकलकर किसी शांत जगह पर जाना होगा जहां तुम बात कर सको।'
इसके बाद विधु विनोद चोपड़ा ने मुझसे कहा, 'तुम मेरी परिणीता हो।' और तब तक एनरिक स्टेज पर वापस आ चुके थे और उन्होंने 'हीरो' गाना गाया था। हालांकि यह गाना मेरे लिए हमेशा से खास रहा है, लेकिन इस पल ने मेरे लिए रिश्ता पक्का कर दिया। जब यह गाना बजा तो मुझे यह खबर मिली, मैं खुद को रोक नहीं पाई। मेरे हाथ-पैर कांप रहे थे। यह निस्संदेह मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है।
हीरोइन के रूप में मेरा जन्म एनरिक के कॉन्सर्ट में हुआ
अभिनेत्री ने बताया कि मुझे एनरिक के कॉन्सर्ट में फिल्मों में बड़ा ब्रेक मिला। इसलिए जब लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मैं उनके कॉन्सर्ट में जा रही हूं, तो मैं मजाक में कहती हूं कि मैंने फिल्मों में 20 साल पूरे कर लिए हैं। कोई आश्चर्य नहीं कि वह इसका जश्न मनाने के लिए वापस आ रहे हैं। ऐसा लगा जैसे एक हीरोइन के रूप में मेरा जन्म उनके शो में हुआ था, जब उन्होंने हीरो गाना गाया था। अगर मुझे अपना कोई गाना एनरिक को समर्पित करना हो, तो वह परिणीता का ‘पीयू बोले’ होगा।
यह खबर भी पढ़ेंः रजनीकांत और धनुष को मिली बम की धमकी; अभिनेताओं ने मदद लेने से किया इंकार; पुलिस ने शुरू की जांच
13 साल बाद भारत आ रहे एनरिक
एनरिक इग्लेसियस एक दशक से ज्यादा के समय के बाद भारत में कॉन्सर्ट करने वापस आ रहे हैं। यह कॉन्सर्ट मुंबई में होगा। इसको लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। पॉप सनसनी एनरिक 29 और 30 अक्तूबर को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए ग्राउंड में शो करेंगे। यह 13 वर्षों के बाद भारत में उनकी वापसी होगी। एनरिक ने आखिरी बार यहां 2012 में अपने यूफोरिया वर्ल्ड टूर के दौरान प्रस्तुति दी थी, जिसके तहत वे पुणे, गुरुग्राम और बेंगलुरु गए थे।