छोटे परदे पर देश की सबसे मशहूर कहानियों में शामिल रही है अर्चना और मानव के रिश्ते की कहानी है। एकता कपूर ने इस रिश्ते को नाम दिया, 'पवित्र रिश्ता'। इसी रिश्ते की गांठें सुलझाते सुलझाते असल जीवन में भी इसके हीरो सुशांत सिंह राजपूत और इसकी हीरोइन अंकिता लोखंडे का एक अनूठा रिश्ता सा बन गया था। सुशांत अब इस दुनिया में नहीं हैं। अंकिता उन्हें कभी भूल नहीं पाईं। और, उसी रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए अब इस कहानी के सीक्वेल में आ गए हैं अभिनेता शहीर शेख। अर्चना और मानव की विरासत को आगे बढ़ाने वाले शो का नाम है, 'पवित्र रिश्ता-इट्स नेवर टू लेट'। शो का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हुआ तो इस शो के प्रशंसकों को पुराने दिन याद आ गए। ट्रेलर की सबसे शानदार बात है मानव का किरदार कर रहे शहीर शेख का अभिनय, जिन्होंने अपने इस किरदार पर किसी भी कोने से सुशांत सिंह राजपूत की परछाई तक नहीं आने दी है।
Pavitra Rishta Trailer: मानव के किरदार में शहीर शेख ने पाए सौ में सौ नंबर, अंकिता के चेहरे पर दिखी उदासी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जैसा कि ट्रेलर में देखा जा सकता है, 'पवित्र रिश्ता-इट्स नेवर टू लेट' एक रोमांटिक कहानी तो है लेकिन इसे भी एकता कपूर के चर्चित फॉर्मूले पारिवारिक ड्रामा के डीएनए से ही रचा गया है। कहानी मानव और अर्चना के इर्द-गिर्द केंद्रित है। ट्रेलर के शुरू में ही अर्चना अपनी मां की पसंद से शादी करने की बात साझा करती है। गैरज में काम करने वाले मानव के लिए भी लड़की तलाशी जा रही है। और, फिर ऐन शादी के दिन वे राज खुलने लगते हैं जो मानव की मां ने अर्चना के घरवालों के सामने रचे थे। ट्रेलर का ट्विस्ट इसके बाद है क्योंकि घरवालों के सामने शादी तोड़ चुके मानव और अर्चना की मुलाकातें फिर शुरू हो जाती हैं।
'पवित्र रिश्ता-इट्स नेवर टू लेट' के बारे में एकता कपूर कहती हैं, “कुछ शो और पात्र आने वाले वर्षों के लिए आप पर एक बड़ी छाप छोड़ देते हैं। 'पवित्र रिश्ता' एक ऐसा शो था जिसने इतने सारे लोगों के जीवन को प्रभावित किया और दुनिया भर के प्रशंसकों से इतना प्यार और शुभकामनाएं मिलीं है। शो को वापस लाने और इसकी विरासत का सम्मान करने के लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता था। मुझे यकीन है कि प्रशंसक इसे उतना ही प्यार और स्वीकृति देंगे, जितना पहले सीजन को दिया था।”
वहीं शो में दोबारा लौट रही अंकिता लोखंडे कहती हैं, “शायद ही कोई ऐसी भूमिका होती है जो किसी कलाकार के जीवन को पूरी तरह से बदल देती है। ‘पवित्र रिश्ता’ मेरे लिए ऐसा ही शो था। अर्चना के किरदार के लिए दर्शकों से मुझे जो प्यार मिला, वह बेजोड़ था। ‘पवित्र रिश्ता’ को पुनर्जीवित करने और मुझ पर फिर से विश्वास करने के लिए मैं बहुत आभारी हूं। मैं फिर से अर्चु के प्रति दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के लिए उत्सुक हूं।"
सुशांत सिंह राजपूत ने पिछली बार मानव के किरदार की शोहरत आसमान तक पहुंचा दी थी। इस बार ये जिम्मेदारी शहीर शेख के पास है। वह कहते हैं, "यह मेरे लिए भावनाओं का एक रोलरकोस्टर बन गया है। यह एक चुनौतीपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन मैंने इसे अपना सब कुछ दिया है। शो की शूटिंग के दौरान मुझे एहसास हुआ कि 'मानव' अब तक का सबसे ईमानदार और पवित्र किरदार है और आज के समय और उम्र में ऐसा किरदार दुर्लभ है। मैं केवल यही आशा करता हूं कि हमारा प्रयास दर्शकों को पसंद आए।" 'पवित्र रिश्ता-इट्स नेवर टू लेट' की निर्देशक इस बार हैं नंदिता मेहरा और इसे लिखा है निकिता धोंड, गौतम हेगड़े और रितु भाटिया ने।