जब हेमा मालिनी ने बताई थी अपनी और धर्मेंद्र की लव स्टोरी, सिमी ग्रेवाल ने साझा किया वीडियो; कही यह बात
Hema Malini-Dharmendra Love Story: धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी अकेली पड़ गई हैं। इस बीच सिमी ग्रेवाल ने एक पुराना वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में हेमा मालिनी धर्मेंद्र के साथ अपनी प्रेम कहानी के बारे में बात कर रही हैं। जानिए हेमा ने धर्मेंद्र को लेकर क्या कुछ बताया और कैसे शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
2000 के दशक में अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल एक टॉक शो लेकर आई थीं ‘रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल (Rendezvous with Simi Garewal)’। इस शो में अलग-अलग क्षेत्र की हस्तियां शिरकत करती थीं और अपने बारे में बात करती थीं। इस शो पर उस वक्त लगभग हर दिग्गज शामिल हुआ था। अब सिमी ग्रेवाल ने अपने इसी शो की एक पुरानी क्लिप साझा की है। इस क्लिप में उनके साथ ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी नजर आ रही हैं। क्लिप में हेमा मालिनी धर्मेंद्र के साथ अपनी प्रेम कहानी और शादी का जिक्र कर रही हैं। सिमी ग्रेवाल ने धर्मेंद्र के निधन के बाद इस क्लिप को शेयर करते हुए कहा कि उम्मीद है कि यह क्लिप हेमा मालिनी के खालीपन को कुछ वक्त के लिए दूर कर सकेगी।
फिल्म के प्रीमियर पर पहली बार मिले थे हेमा-धर्मेंद्र
सिमी ग्रेवाल ने इंस्टाग्राम पर 1 मिनट 52 सेकंड की एक क्लिप साझा की है। इस वीडियो क्लिप में हेमा मालिनी धर्मेंद्र के साथ अपनी पहली मुलाकात और प्रेम कहानी के बारे में बता रही हैं। वीडियो में हेमा बताती हैं कि धर्मेंद्र के साथ उनकी पहली मुलाकात किसी फिल्म के प्रीमियर पर हुई थी। मैंने उनके इतना खूबसूरत इंसान पहले कभी नहीं देखा था और मुझे सुनने में आया था कि मेरे बारे में भी वो ऐसा ही सोचते हैं। जब सिमी ग्रेवाल पूछती हैं कि तब आपको ये लगा कि अरे ये तो पहले से ही शादीशुदा हैं।
इस पर हेमा ने कहा कि शुरुआत में मुझे इससे कोई फर्क नहीं था कि वो शादीशुदा हैं। लेकिन हां, बाद में मैं सोचा करती थी कि जब कभी मैं शादी करूंगी तो इनके जैसे दिखने वाले किसी इंसान से ही शादी करूंगी। लेकिन उनसे ही करूंगी, ऐसा कभी नहीं आया। लेकिन बाद में ऐसा ही हुआ। हालांकि, वो हमेशा से मुझसे ये कहते थे कि वो मुझसे बहुत प्यार करते हैं। जबकि मैं सिर्फ ठीक है कहकर टाल देती थी। मैंने बाकी चीजों को देखते हुए कभी भी इस बात को ज्यादा तवज्जो नहीं दी।
हेमा और धर्मेंद्र के प्यार में कभी नहीं आई कोई परेशानी
वीडियो में सिमी ग्रेवाल आगे पूछती हैं कि ऐसा क्या था कि आपको लगा कि ये ही आपके लिए परफेक्ट इंसान हैं? हेमा कहती हैं कि ये किस्मत में था। हम लोग काफी वक्त तक साथ रहते थे, ऐसे में अचानक किसी और से शादी करने का सोचना सही नहीं था। इसलिए मैंने उनसे पूछा कि क्या तुम अब मुझसे शादी करोगे? तो उन्होंने तुरंत हां कह दी। धर्मेंद्र की फैमिली के साथ रिश्ते और उनकी पहली पत्नी को लेकर किए गए सवाल पर हेमा ने कहा कि प्यार में आपको सिर्फ साथ देने का सोचना चाहिए, बदले में कुछ मिलने का नहीं।
हेमा के खालीपन को भरेंगी ये यादें
इस वीडियो को शेयर करते हुए सिमी ग्रेवाल ने कैप्शन में लिखा, ‘मैंने हाल ही में हेमा-धरम की प्रेम कहानी पर दोबारा गौर करने के लिए हमारा ‘रेंडेजवस’ फिर से देखा। परिस्थितियों को देखते हुए यह प्यारा और साहसी था। शादीशुदा पुरुष से शादी करना आजकल की ज्यादातर महिलाओं के लिए कोई विकल्प नहीं है। लेकिन अपने प्यार का पीछा करने का फैसला करके, हेमा जी ने इस रिश्ते को बेहद निस्वार्थ और शालीनता से निभाया। आज उन्हें उनके (धर्मेंद्र) बिना बहुत गहरा दुःख हो रहा होगा। मुझे उम्मीद है कि ये सुखद यादें उन्हें सुकून देंगी और इस खालीपन को भर देंगी।’
89 साल की उम्र में हुआ धर्मेंद्र का निधन
अभिनेता धर्मेंद्र ने लंबी बीमारी के बाद 89 साल की उम्र में 24 नवंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके निधन से हेमा मालिनी और देओल परिवार टूट गए थे। धर्मेंद्र के निधन के बाद जहां देओल परिवार ने एक प्रेयर मीट रखी थी, वहीं हेमा मालिनी ने अपने घर पर गीता का पाठ कराया था।

कमेंट
कमेंट X